हत्या या फिर नेचुरल डेथ? उर्स से लौटते समय मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत
बरेली में बिहार के मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह यहां उर्स में शामिल होने आए थे. फिर वापस बिहार वापस जा रहे थे. इस दौरान मौलाना तौफीक ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि कुछ लोग उनके साथ मारपीट कर रहे थे. फिर कुछ समय बाद रेलवे ट्रैक पर उनका शव बरामद हुआ.
बरेली से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है. ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने एक मौलाना की मौत को लेकर बड़े आरोप लगाए हैं. मृतक मौलाना तौफीक बिहार के रहने वाले थे और वह बरेली में उर्स में शामिल होने आए थे. उर्स खत्म होने के बाद वह वापस बिहार लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि उन्होंने बरेली रेलवे जंक्शन से ट्रेन पकड़ी थी.
मौलाना तौफीक ने पत्नी को मारपीट की दी थी जानकारी
आरोप के मुताबिक, जैसे ही ट्रेन कैंट जंक्शन के पास पहुंची, मौलाना तौफीक ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि कुछ लोग उनके साथ मारपीट कर रहे हैं. उन्होंने अपनी पत्नी से मदद करने और पुलिस को सूचना देने को कहा. लेकिन इसी दौरान उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया, जिसके बाद उनका संपर्क पूरी तरह से टूट गया.
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने गंभीर आरोप लगाएं
बाद में रेलवे ट्रैक पर उनका शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन बिहार से बरेली पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने साथ बिहार ले गए. इस पूरे मामले पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दाढ़ी और सफेद पोशाक की वजह से मौलाना को निशाना बनाया गया और उनकी हत्या कर दी गई. उन्होंने इस घटना को सीधे तौर पर गुंडागर्दी करार दिया.
मौलामना रजवी ने सीएम योगी के बयान पर भी सवाल उठाए
साथ ही उन्होंने योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें कहा गया था कि उत्तर प्रदेश में अब गुंडागर्दी नहीं है. रजवी ने कहा कि यह घटना उस दावे के विपरीत है. उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग की है. इसके अलावा उन्होंने रेलवे मंत्री और रेलवे विभाग को भी पत्र लिखकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है.
अब तक इस मामले में लिखित शिकायत नहीं दर्ज कराई गई
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में थाने में हत्या की कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. ऐसे में जांच की दिशा और आगे की कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. इस घटना ने कानून-व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.