मोनिका के ‘गौरव’! धर्मेंद्र यादव की एक्स वाइफ संग लिए सात फेरे, क्यों वायरल हुई ये हाई प्रोफाइल वेडिंग?
मेरठ में भाजपा नेता और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव के साथ दूसरी शादी की है. मोनिका यादव सपा नेता धर्मेंद्र यादव की पूर्व पत्नी हैं. यह हाई प्रोफाइल शादी सुर्खियों में है, क्योंकि दोनों ही भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष हैं. हिमाचल में संपन्न हुए इस विवाह में गौरव और मोनिका ने नई जिंदगी की शुरुआत की.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी की दूसरी शादी सुर्खियों में है. उन्होंने फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव से ब्याह रचाया है. यह हाई प्रोफाइल वेडिंग इस समय सुर्खियों में है. इसकी बड़ी वजह भी है. दरअसल, मोनिका यादव सपा नेता धर्मेंद्र यादव की एक्स वाइफ हैं. धर्मेंद्र यादव से अलगाव के बाद उन्होंने भी गौरव चौधरी के साथ दूसरी शादी रचाई है.
इस वेडिंग सेरेमनी के साथ बीजेपी के इन दोनों नेताओं ने अपनी जिंदगी की शुरूआत की है. बीते 28 मई को ही गौरव चौधरी और मोनिका यादव ने सात फेरे लिए और एक दूजे के हो गए. गौरव चौधरी इस समय बीजेपी के टिकट पर मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष हैं तो उनकी पत्नी मोनिका यादव भी बीजेपी के ही टिकट पर फर्रुखाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष हैं. इनका वैवाहिक कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश में परिवार के लोगों के बीच संपन्न हुआ.
दो दिन में पूरी हुई रस्में
गौरव चौधरी और मोनिका यादव ने अपना वैवाहिक कार्यक्रम पारिवारिक और करीबी दोस्तों के साथ संपन्न कराया. इस कार्यक्रम में दोनों के परिवार के लोग मौजूद रहे. इसके अलावा दोनों ने अपने कुछ रिश्तेदारों और मित्रों को आमंत्रित किया था. 27 मई को दोनों की हल्दी-मेहंदी हुई, उसी रात सगाई हुई और 28 मई को विधि विधान के साथ विवाह हुआ. फिर 29 मई की सुबह दोनों सार्वजनिक रूप से विवाह की घोषणा की.
दोनों का ये दूसरा विवाह
गौरव चौधरी और मोनिका यादव की पहले भी शादी हो चुकी है. गौरव चौधरी राजनीति से पहले जर्मनी में रहते थे. जहां उन्होंने पहली शादी की थी. पहली शादी से उन्हें एक बेटी हुई थी. इसके बाद गौरव चौधरी इंडिया वापस आए और फिर कुछ दिन बाद ही उनका पहली पत्नी से तलाक हो गया. इसी प्रकार मोनिका यादव की पहले शादी मुलायम सिंह यादव के परिवार में धर्मेंद्र यादव के साथ हुई थी. हालांकि इनका वैवाहिक रिश्ता लंबा नहीं चल सका.
सपा से है मोनिका का पुराना नाता
गौरव चौधरी की पत्नी का परिवार समाजवादी पार्टी से पहले जुड़ा है. मोनिका यादव के पिता और दादा दोनों मुलायम सिंह यादव के करीबी हैं. मोनिका यादव के पिता नरेंद्र सिंह सपा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. इसी रिश्ते की वजह से उनकी धर्मेंद्र यादव के साथ शादी भी हुई थी. हालांकि तलाक के बाद से वह सपा छोड़ बीजेपी में आ गईं. वहीं बाद में लखनऊ में जिला पंचायत अध्यक्षों की मीटिंग उनका संपर्क गौरव चौधरी से हुआ और अब दोनों शादी के बंधन में बंध गए हैं.