BF के लिए पति को छोड़ा, वापस लौटी तो भाई ने ले जान; मेरठ में इलमा हत्याकांड की कहानी

मेरठ में लोहिया नगर थाना क्षेत्र के रसूल नगर में रहने वाली इलमा की हत्या मंगलवार की शाम खुद उसके सगे भाई 22 वर्षीय दिलशाद ने कर दी थी. आरोपी ने अपनी 19 वर्षीय बहन का उसके ही दुपट्टे से गला घोंट दिया था. वारदात के बाद वह खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए सरेंडर कर दिया.

मेरठ में ऑनर किलिंग Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मेरठ में इलमा हत्याकांड की कहानी रूह कंपा देने वाली है. मेरठ में लोहिया नगर थाना क्षेत्र के रसूल नगर में रहने वाली इलमा की हत्या मंगलवार की शाम खुद उसके सगे भाई 22 वर्षीय दिलशाद ने कर दी थी. आरोपी ने अपनी 19 वर्षीय बहन का उसके ही दुपट्टे से गला घोंट दिया था. वारदात के बाद वह खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए सरेंडर कर दिया. कहा कि उसने बहन को मार दिया है, लाश घर में पड़ी है, जाकर उठा लो.

थाने में इस तरह बेखौफ तरीके से बोलते देखकर पुलिस को एक बार लगा कि वह मानसिक विक्षिप्त है, लेकिन जब उसने यही बात दोहराई तो पुलिस हैरान रह गई. पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लिया और उसे लेकर उसके घर पहुंची. जहां से पुलिस ने इलमा का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इलमा शादी शुदा थी. हालांकि उसके चाल चलन पर उसके भाई को शक था और इस बात के लिए वह नाराज रहता था.

सामने आई ये कहानी

पुलिस के मुताबिक रसूलपुर में रहने वाले कारपेंटर सलीमुद्दीन का बेटा दिलशाद वेल्डिंग का काम करता है. उन्होंने कुछ समय पहले ही बेटी इलमा का निकाह श्याम नगर में रहने वाले युवक गुलफाम के साथ किया था. जांच में पता चला है कि शादी के पहले से ही इलमा का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था. शादी के बाद उसके पति को भी इसकी जानकारी हो गई और फिर दोनों में झगड़ा हुआ था. इसके बाद इलमा मायके में आकर रहने लगी थी.

बॉयफ्रेंड के घर से लौटते ही ले ली जान

आरोपी दिलशाद ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि रविवार को इलमा अपने प्रेमी के साथ घर गई थी. दो दिन बाद वहां से वापस लौटी तो उसने उसका गला घोंट दिया. आरोपी ने बताया कि उसने परिवार की इज्जत के लिए बहन की हत्या की है और उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है. आरोपी ने बताया कि करीब दो साल पहले भी इलमा को एक युवक के साथ आपत्तिजनक हाल में पकड़ा गया था. उस समय परिवार के लोगों ने दोनों की खूब पिटाई भी की थी. कहा कि वह अक्सर बिना बताए घर से कई-कई दिनों तक गायब रहती थी.

क्या कहती है पुलिस?

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों की कहानी निकल कर सामने आई है. आरोपी ने बताया है कि इलमा का दौराला निवासी एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था. इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर झगड़े हो रहे थे. पुलिस के अनुसार दिलशाद ने कई बार इलमा के प्रेमी को फोन पर धमकी भी दी थी. बावजूद इसके दोनों मिलते रहे. पुलिस अब हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है.

Follow Us