काशी से लौट रहे थे, मिर्जापुर में बाइक डिवाइडर से टकराई; दो की मौत, महिला गंभीर
मिर्जापुर में वाराणसी-रीवा हाईवे पर एक दर्दनाक बाइक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है. ये सभी काशी विश्वनाथ मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे. तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराने से यह घटना हुई. दोनों मृतक मध्य प्रदेश के रहने वाले थे.
मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है. तीनों काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे. हादसा नंदनी तुलसी गांव के पास वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ. पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुशील साकेत (30) और संजय चतुर्वेदी (31) के रुप में हुई है. दोनों मध्य प्रदेश के मऊगंज के रहने वाले थे. ये इंदौर की रूपाली नामक महिला के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर वाराणसी से लौट रहे थे. इस बीच नंदनी तुलसी गांव के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.
बाइक हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रूपाली गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल रूपाली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया.
लालगंज थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक महिला घायल है. मृतकों की पहचान सुशील साकेत और संजय चतुर्वेदी के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से दोनों शवों को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर उसे आगे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण हादसा
लालगंज थाना प्रभारी ने आगे बताया कि मृतकों और घायल महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.