मिर्जापुर में BJP की दागियों पर कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटर जिला मंत्री समेत दो को पद से हटाया
मिर्जापुर बीजेपी ने हिस्ट्रीशीटर जिला मंत्री और एक कार्य समिति सदस्य जैसे दो 'दागियों' को पद से हटा दिया है. पार्टी की बिगड़ती छवि को देखते हुए यह बड़ी कार्रवाई की गई. हालांकि, इस फैसले पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अन्य गंभीर आरोपों वाले सदस्यों पर कोई एक्शन नहीं लिया गया.
मिर्जापुर बीजेपी के नए जिला कार्यसमिति में रहे दो दागियों को पद मुक्त कर दिया गया है. हिस्ट्रीशीटर जिला मंत्री श्याम सिंह यादव और कार्य समिति सदस्य चंद्रभूषण उपाध्याय को पद से हटा दिया गया है. पार्टी की बिगड़ती छवि को देखते हुए काशी प्रांत अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल के निर्देश पर बीजेपी जिला अध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने यह बड़ी कार्रवाई की है.
मिर्जापुर बीजेपी के नए जिला कार्य समिति महीनों से दागियों को जगह दिए जाने से सुर्खियों में था. श्याम सिंह यादव पर हिस्ट्रीशीटर और चंद्रभूषण उपाध्याय पर कई मुकदमा दर्ज हैं. वहीं, कार्रवाई के बाद श्याम सिंह यादव ने फैसले पर बड़ी टिप्पणी की, कहा कि जिला उपाध्यक्ष और जिला महामंत्री पर भी मुकदमा दर्ज है उन पर कार्रवाई क्यों नहीं?
‘विधायक-सांसद पर भी मुकदमे, उनका क्या होगा’
बीजेपी जिला मंत्री पद से हटाए जाने के बाद हिस्ट्रीशीटर श्याम सिंह यादव ने अपनी पहली प्रक्रिया दी है. उन्होंने अपने फेसबुक पर लिखा कि जिला उपाध्यक्ष गौरव उमर और जिला महामंत्री डॉ सीएल बिंद पर भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है, उन पर कार्रवाई नहीं. मेरे ऊपर कार्रवाई क्यों किया गया है. सही से जांच किया जाए तो विधायक-सांसद पर भी मुकदमा दर्ज हैं.
श्याम सिंह यादव का कहना है कि, ‘मुझे पदमुक्त का संघर्ष स्वीकार है, न्यायालय का आने वाले आदेश के बाद दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा. सही से जांच क दिया जाए तो वर्तमान के विधायक और सांसद जनप्रतिनिधि पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है. उनका क्या होगा.’ वहीं, बीजेपी ने वीरेंद्र प्रताप उर्फ काजू को नया जिला मंत्री नामित किया है.
बीजेपी के नए जिला कार्य समिति में इन पर उठे सवाल
दरअसल, बीजेपी के नए जिला कार्य समिति में जिला मंत्री श्याम सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष गौरव उमर, जिला महामंत्री डॉ सी एल बिंद और जिला कार्य समिति सदस्य चंद्रभूषण उपाध्याय पर दागी का आरोप लग रहे थे. जिला मंत्री श्याम सिंह यादव को हिस्ट्रीशीटर और जिला उपाध्यक्ष गौरव उमर पर 307 के साथ कई और मुकदमे हैं.
वहीं, बीजेपी जिला महामंत्री डॉ. सीएल बिंद पर 304( A) का मुकदमा और चंद्रभूषण उपाध्याय पर मिर्जापुर, भदोही और वाराणसी में कई मुकदमे दर्ज को लेकर सवाल खड़ा किया जा रहा था. श्याम सिंह यादव और चंद्रभूषण उपाध्याय पर कार्रवाई हो गई है. अब देखना होगा जिला उपाध्यक्ष गौरव उमर और जिला महामंत्री डॉ. सीएल बिंद पर पार्टी का क्या रूख होगा?