मर्डर या खुदकुशी? शाम को निकलनी थी बारात, सुबह पेड़ से लटका मिला दूल्हा; हैरान कर देगी कहानी

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक शादी समारोह मातम में बदल गया. बारात निकलने से कुछ घंटे पहले दूल्हा देवेंद्र मौर्य पेड़ से लटका मिला. पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है, जबकि परिवार हत्या का आरोप लगा रहा है, क्योंकि शव पतली रस्सी से बंधा था और पैर जमीन पर थे. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचेगी, जिससे यह रहस्य और गहरा गया है.

शादी से पहले दूल्हे की मौत Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. यहां शुक्रवार की रात एक युवक का लग्न हुआ, शनिवार की शाम को उसकी बारात निकलनी थी, लेकिन शनिवार की अल सुबह उसका शव गांव में ही एक पेड़ से लटका मिला है. युवक के परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है. हालांकि पुलिस इस मामले में सुसाइड बता रही है. यह घटना बरेली में शाही थाना क्षेत्र की है.

बरेली पुलिस के मुताबिक शाही कस्बा में सुभाषनगर मोहल्ले के रहने वाले देवेंद्र मौर्य (22) की शादी रिठौरा के उद्धानापुर गांव में रहने वाली युवती के साथ तय हुई थी. इस शादी को लेकर दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था. शुक्रवार को बड़े धूमधाम से लग्न की रस्म हुई. इस मौके पर खूब नाच गाने का भी आयोजन किया गया था. इसके बाद देवेंद्र के परिजन बारात की तैयारी में जुट गए. शनिवार की शाम चार बजे से बारात निकलनी थी.

रात में हुआ था झगड़ा

आरोप है कि लग्न के दौरान शोरगुल होने और डीजे की आवाज पर मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने आपत्ति की थी. इस बात को लेकर दोनों पक्षों में थोड़ी कहासुनी भी हो गई. फिर करीब दो बजे रात में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद देवेंद्र अपने बहनोई और अन्य रिश्तेदारों के साथ सोने चला गया. वहीं सुबह होने पर देवेंद्र का शव आम के पेड़ से लटका मिला. यह देखते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने प्रथम दृष्टया इस घटना को सुसाइड बताया. वहीं देवेंद्र के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है. बताया कि देवेंद्र का शव पतली रस्सी से आम के टहनी में बंधा था. जबकि उसके पैर जमीन पर मुड़े हुए थे. ऐसी स्थिति में सुसाइड हो ही नहीं सकती. देवेंद्र के पिता रामदास मौर्य ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या के बाद शव को लटकाया गया है.

जांच में उलझी पुलिस

मौका स्थिति और परिजनों के आरोप को देखते हुए पुलिस जांच में उलझ गई है. परिजनों ने पुलिस के सामने जो तर्क दिया है, उसके मुताबिक मामला सुसाइड का हो ही नहीं सकता. वहीं हत्या का आरोप लगाया है तो अभी तक किसी भी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है. ऐसे हालात में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है. उधर, देवेंद्र के घर ही नहीं, उसकी होने वाली दुल्हन के घर में भी मातम पसर गया है.

Follow Us