औरैया में महिला का शव नाले से मिलने से सनसनी, पति हिरासत में; बेटा बोला- पापा, मम्मी को मारते-पीटते थे
औरैया के फफूंद में एक महिला का शव संदिग्ध हालत में नाले से मिला है. परिजनों ने पति पर मारपीट और नशे का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. गांव में हत्या की आशंका जताई जा रही है.
औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने पति पर मारपीट और नशे का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है.
घटना जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के पुर्वा कुशल गांव की है. यहां के रहने वाले 46 वर्षीय शकुंतला, पत्नी राजू भदौरिया, शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से लापता हो गई थीं. परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की. आखिर में शाम करीब पांच बजे गांव के पास स्थित एक बड़े नाले में महिला का शव पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.
पापा मम्मी को मारते-पीटते थे… मृतका के बेटे
बताया जा रहा है कि पति भी पत्नी को खोजने के लिए लोगों से नाले की ओर देखने की बात कह रहा था. मृतका के बेटे समर सिंह ने बताया कि सुबह से हम लोग मम्मी को ढूंढ रहे थे, हमने दिबियापुर तक खोजा. बाद में गांव वालों ने बताया कि नाले की तरफ देखो. वहां चप्पल और कपड़े मिले, फिर मम्मी का शव दिखाई दिया. पापा मम्मी को मारते-पीटते थे…
समर सिंह ने बताया कि जब वह घर आए थे तब उनकी माता के सिर पर चोट भी थी. ग्रामीणों का कहना है कि नाले में मात्र घुटनों तक पानी था, ऐसे में डूबने की संभावना कम लग रही है. गांव के लोगों ने महिला की हत्या होने की आशंका जताई है. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने पति को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अजीतमल क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार और थाना प्रभारी अजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 25 अप्रैल को कंट्रोल रूम से एक सूचना नाले में महिला का शव मिलने की सूचना मिली. परिजनों से जानकारी करने पर पता चला की महिला का पति नशे का आदी है. अक्सर महिला के साथ मारपीट करता हैं. आज भी महिला के पति द्वारा उसके साथ मारपीट की घटना की गई थी.
उन्होंने कहा कि उस संदर्भ में महिला के पति राजू हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है. अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.