गजब हो गया! जयमाल के बाद दहेज की बाइक लेकर फरार हो गया दूल्हा, शादी में हुआ बड़ा बवाल

मिर्जापुर में एक शादी समारोह में बड़ा बवाल हो गया. जयमाल के बाद दूल्हा दहेज में मिली बाइक लेकर फरार हो गया. कपड़े और जेवरात पर टोका-टाकी से नाराज दूल्हे के भागने पर दुल्हन पक्ष ने उसके पिता को बंधक बना लिया. पुलिस के आने पर मामला थाने पहुंचा, जहां अब इसकी जांच की जा रही है.

मिर्जापुर की शादी में बवाल Image Credit:

मिर्जापुर के शादी समारोह में बड़ा बवाल हो गया. यहां जयमाल के बाद दूल्हा दहेज की बाइक लेकर फरार हो गया. आरोप है कि मंडप में महिलाओं ने उसके कपड़े और जेवरात को लेकर टोका-टाकी की थी. इससे दूल्हा नाराज हो गया था. बवाल बढ़ने पर दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के पिता को बंधक बना लिया. इतने में किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दिया. इसके बाद मौके पर पहुंची यूपी 112 की टीम ने दोनों पक्षों को थाने पहुंचा दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को बारात आई थी. दुल्हन पक्ष ने बारातियों का स्वागत किया. फिर जयमाल का कार्यक्रम हुआ. इसके बाद दूल्हा अपने दो साथियों के साथ दहेज की बाइक लेकर फरार हो गया. नाराज लड़की पक्ष ने दूल्हे के पिता समेत कुछ बारातियों और तीन गाड़ियों को बंधक बना लिया. सूचना पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने खानापूर्ति की और दोनों पक्षों को थाने आने को बोलकर लौट गई.

ये है मामला

जानकारी के मुताबिक प्रयागराज के हरगढ़ के रहने वाले राजमणि के मझले बेटे अशोक की बारात मंगलवार शाम को आई थी. छह गाड़ियों में 50 बारातियों के साथ बारात रात में करीब 12 बजे दुल्हन के घर पहुंची. रात दो बजे द्वारपूजा और उसके बाद जयमाल का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया. दूल्हे का बड़ा भाई विक्रम शादी में नहीं आया था, छोटा भाई रघुनंदन बारात में आया था. जैसे ही लड़का लड़की विवाह के लिए मंडप में बैठे, तभी घर की महिलाएं कपड़े और जेवरात को लेकर कानाफूसी करने लगी. इसी बात पर दूल्हा भड़क गया.

फिर हुआ बवाल

लड़की के दादा ने बताया कि 19 वर्षीय पोती का रिश्ता हरगढ़ में तय किया था. 20 मई को लड़के की जिद पर कर्ज लेकर डेढ़ लाख रुपये की पल्सर बाइक खरीदकर तिलक चढ़ाया था,साथ में 06 हजार रुपये नकद और सगुन के रूप में फल, मिठाई भी दी थी. लेकिन अब दूल्हे के फरार होने से शादी की खुशियां काफूर हो गई है. आक्रोशित परिजनों ने दूल्हे के पिता को बंधक बना लिया. मड़िहान थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा के मुताबिक मामला संज्ञान में है. तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us