‘आन के बलमुआ से…’ UP में कौन हैं IAS डॉ. विश्राम यादव? जिन्होंने बिरहा के मंच पर सुरों से बांध दिया समां; Video
उत्तर प्रदेश के आईएएस डॉ. विश्राम यादव का बिरहा गाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मिर्जापुर में एक श्रद्धांजलि सभा में उन्होंने मंच पर "आन के बलमुआ से..." बिरहा पेश कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनकी गायकी ने साबित किया कि वे सिर्फ प्रशासनिक अधिकारी नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े कलाकार भी हैं, जिसकी खूब सराहना हो रही है.
उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ आईएएस डॉ. विश्राम यादव इस समय सुर्खियों में हैं. मिर्जापुर-विंध्याचल मंडल में अपर आयुक्त डॉ. विश्राम यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो एक श्रद्धांजलि समारोह का है. इस वीडियो में मंच पर डॉ. विश्राम यादव के अलावा विरहा सम्राट के नाम से जाने और पहचाने जाने वाले प्रसिद्ध गायक विजय लाल यादव, गायिका रुचि यादव समेत कई अन्य कलाकार भी मौजूद थे.
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो में एडिशनल कमिश्नर डॉ. विश्राम यादव पूरे रौ में नजर आ रहे हैं. इन्हें देखकर कहीं से भी नहीं लग रहा कि ये आईएएस अधिकारी हैं और जिले में एक बड़े पोस्ट पर तैनात हैं. बल्कि उनकी गायकी का अंदाज देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि ये कोई पेशेवर गायक हैं. भोजपुरी और बिरहा के मंच पर उनके इस अनोखे अंदाज की खूब सराहना हो रही है.
लोग सोशल मीडिया पर उनके वीडियो को खूब लाइक और शेयर कर रहे हैं.जानकारी के मुताबिक मिर्जापुर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था. इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया था.
विजय लाल यादव की मौजूदगी में दिखाया हुनर
कार्यक्रम में बिरहा सम्राट विजय लाल यादव के अलावा प्रसिद्ध गायिका रुचि यादव को बुलाया गया था. वहीं प्रशासनिक अमले से एडिशनल कमिश्नर डॉ. विश्राम यादव भी पहुंचे थे. सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ तो आयोजकों ने मंच पर डॉ. यादव को भी आमंत्रित कर लिया और उनके मंच पर आते ही माइक थमा दिया गया. हाथ में माइक आते ही डॉ. यादव ने गायन शुरू कर दिया. उन्होंने प्रसिद्ध बिरहा ‘आन के बलमुआ से हंसि हंसि के बतियावे…’ को अपने अंदाज में पेश किया. उनके गायन को सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग हैरान रह गए. तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा.
कौन हैं डॉ. विश्राम यादव
डॉ. विश्राम यादव की पोस्टिंग इस समय मिर्जापुर-विंध्याचल मंडल में बतौर एडिशनल कमिश्नर है. हाल ही में पीसीएस से प्रमोट होकर आईएएस बने हैं. मिर्जापुर में वह पीसीएस रहते हुए SDM सदर, नगर मजिस्ट्रेट और ADM जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं. इनके अलावा भी उन्होंने कई अन्य जिलों में अपनी सेवाएं दी हैं. IAS बनने के बाद वह पहली बार इस तरह के किसी मंच पर थे. उनका यह अंदाज लोगों ने काफी पसंद किया है. सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें जमीन से जुड़ा और सरल स्वभाव का अधिकारी बता रहे हैं.