पत्नी की हत्या में गया था जेल, छूटते ही छोटे भाई की बीवी की ले ली जान; हैरान कर देगी कहानी
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां पत्नी की हत्या के आरोप में जेल से छूटे एक शख्स ने अपने छोटे भाई की पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला. आरोपी छोटेलाल का यह दूसरा आपराधिक मामला है, पहले उसने अपनी पत्नी की दहेज के लिए हत्या की थी. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं और जांच जारी है.
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक अपनी पत्नी की हत्या में जेल गया था. छूटकर बाहर आया तो घर पहुंचते ही उसने अपने छोटे भाई की पत्नी की पीट-पीटकर जान ले ली है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी की धर पकड़ के लिए अलग अलग टीमों का गठन किया है.
वारदात मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में तेंदुहनी बेलहा गांव की है. रविवार की शाम यहां रहने वाले छोटेलाल उर्फ कलट्टर के परिवार में विवाद हो गया. पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते इस विवाद ने खूनी रूप ले लिया. इसमें छोटे लाल ने छोटे भाई ननकू की पत्नी संगीता को लात घूंसे मारने लगा. इस दौरान गंभीर चोट लगने से संगीता की मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक छोटे लाल हाल ही में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल की सजा काट कर जेल से छूटा था.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक लालगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने शव का पंचनामा कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के भाई संदीप ने बताया कि आरोपी छोटेलाल उर्फ कलट्टर ने पूर्व में दहेज के लिए अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी. इस मामले में उसे दोषी ठहराया गया था और करीब 10 वर्ष की सजा काटने के बाद कुछ समय पहले ही वह जेल से छूटा है.
दो बच्चों की मां थी मृतका
संदीप ने बताया कि उसकी बहन अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र लाडो और पांच माह की पुत्री पारो को छोड़ गई हैं. घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वही लालगंज प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. मृतका के भाई संदीप की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.