मिर्जापुर के मर्चेंट नेवी अफसर अमेरिकी बंदरगाह से लापता, शिप बिना लिए लौटा; परिवार ने लगाई मदद की गुहार

मिर्जापुर के मर्चेंट नेवी अफसर मनीष द्विवेदी 7 मई से अमेरिका के पेंसिल्वेनिया बंदरगाह से लापता हैं. परिजनों को शिप कंपनी से अधूरी जानकारी मिल रही है, जिससे उनकी चिंता बढ़ी है. परिवार ने मिर्जापुर एसपी, सांसद अनुप्रिया पटेल और विदेश मंत्री जयशंकर से मनीष की तलाश में मदद की गुहार लगाई है.

मिर्जापुर के मर्चेंट नेवी अफसर मनीष द्विवेदी (फाइल फोटो) Image Credit:

मिर्जापुर का एक मर्चेंट नेवी अफसर अमेरिका के बंदरगाह से लापता हो गया है. अफसर अमेरिका के पेन्सिलवेनिया बंदरगाह से अपने तीन स्टाफ के साथ माॅल गया हुआ था. शिप कंपनी के अधिकारियों ने परिजनों को जब से यह जानकारी दी है तब से सभी घर के लोग परेशान. परिजनों ने एसपी और मिर्जापुर के सांसद के साथ विदेश मंत्री से खोजने की गुहार लगाई है.

मर्चेंट नेवी के अफसर का नाम मनीष द्विवेदी है, वह मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के चौहान पट्टी के रहने वाले हैं. मनीष अमेरिका के पेंसिलवेनिया बंदरगाह से 7 मई से लापता हैं. शिप पर सवार होकर अमेरिका के बंदरगाह पर पहुंचे हुए थे, तब घर वालों से आखिरी बार बातचीत हुई थी. इसके बाद संपर्क टूट जाने पर शिप कंपनी ने परिवार को लापता होने की सूचना दी.

शिप से 4 लोग मॉल गए थे, लेकिन मनीष नहीं लौटा

पिता संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि बेटा मनीष मर्चेंट नेवी में सेकंड ऑफिसर हैं. वर्तमान में वेसल सिफ्नोस लेडी शिप पर तैनात हैं. वह 18 अप्रैल को गए थे, उनके पास सात मई को गैरी गोम्स नाम के व्यक्ति का फोन आया. उसने बताया कि वेस्टर्न क्रू मैनेजमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड अंधेरी ईस्ट ऑफिस से बोल रहा हूं. मनीष चार घंटे से शिप से लापता हैं.

जब पीड़िच पिता ने फिर गैरी गोम्स को फोन किया उन्होंने बताया कि शिप मार्क्स हुक, पेन्सिलवेनिया पर है. वहां से कैप्टन, चीफ ऑफिसर, मनीष और एक कैडेट ऑफिसर प्रांजल मॉल गए थे, जिसमें तीन लोग वापस आ गए .कैप्टन ने मनीष से फोन किया तो उन्होंने बताया कि आप लोग कैब करिए 10 मिनट में आ रहा हूं, इसके बाद से मनीष का फोन बंद आ रहा है.

शिप बेटे को बिना लिए लौट आई है- पिड़ित पिता

मनीष के पिता का कहना है कि शिप कंपनी के कार्यालय वाले भी ठीक से जवाब नहीं दे रहे हैं. मुंबई कार्यालय पर फोन करने पर यूएसए के एजेंट का नंबर दिया गया. यूएसए एजेंट जोश से बात की तो बताया कि मनीष को पुलिस कस्टडी में लिया गया था. पूछताछ कर छोड़ दिया गया, अब कहां है, इसकी जानकारी नहीं हो पा रही है. शिप बेटे को बिना लिए लौट आई है.

पिता संतोष कुमार द्विवेदी ने सांसद अनुप्रिया पटेल के साथ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है. इसके साथ ही विदेश मंत्री जयशंकर से भी बेटे की तलाश करने की गुहार लगाई है. वहीं, एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया की सीओ एलआईयू को परिवार की मदद के लिए लगा दिया गया है. दूतावास से संपर्क कर जल्द मनीष का पता कर लिया जायेगा.

Follow Us