Dream11 में एक करोड़ जीतने वाले युवक की ससुराल में रहस्यमय मौत, परिजनों ने बताया हत्या
बदायूं के ड्रीम11 विजेता नीरज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. नीरज ने एक साल पहले ड्रीम11 में एक करोड़ रुपये जीते थे. संभल में उसका ससुराल था, जहां मिले शव को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. साथ ही रुपयों के लेनदेन की चर्चा भी सामने आ रही है.
बदायूं के ड्रीम11 विजेता नीरज की संभल जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. नीरज वही युवक था जिसने एक साल पहले ड्रीम11 में एक करोड़ रुपये जीतकर क्षेत्र में खास पहचान बनाई थी. संभल में नीरज का ससुराल था, जहां शव मिलने को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.
नीरज पुत्र यादराम, बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के दानपुर गांव का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि नीरज पिछले करीब दो माह से संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के कादराबाद गांव स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था. शुक्रवार शाम वह दानपुर गांव से ससुराल पहुंचा था, लेकिन शनिवार सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला.
ससुराल पक्ष के साथ रुपयों के लेन-देन की चर्चा
मौत की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने गांव दानपुर ले आए. इसके बाद मामले की जानकारी जरीफनगर थाना पुलिस को दी गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. वहीं, पीड़ित परिजनों ने युवक की हत्या होने की आशंका जता रहे हैं.
इसके अलावा, नीरज का ससुराल पक्ष के साथ रुपयों के लेन-देन की चर्चा भी सामने आ रही है, जिसे लेकर गांव में तरह-तरह की बातें हो रही हैं. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. जरीफनगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
इससे पहले अमेठी में एक ऐसा ही मामला आया
इससे पहले 2024 में एक ऐसा ही मामला अमेठी जिला से सामने आया था. जहां Dream11 पर साढ़े तीन लाख रुपये जीतने वाले राकेश यादव नाम के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला था. परिजनों ने राकेश की मौत को हत्या बताया था. आरोप था कि Dream11 पर जीत के बाद गांव के कुछ दबंगों ने उन्हें प्रताड़ित किया और बाद में शव पड़ा मिला था.