मिर्जापुर: सफाईकर्मी ने मंच से खोली सिस्टम की पोल तो भड़क गए BDO; माइक छिनवाया, धमकी भी दी

मिर्जापुर में एक सफाईकर्मी ने सार्वजनिक मंच पर व्यवस्था की पोल खोल दी. उन्होंने दावा किया कि सफाईकर्मी गांवों की बजाय अधिकारियों के दफ्तरों में काम कर रहे हैं. इतने में वहां मौजूद BDO भड़क गए. उन्होंने सफाईकर्मी से माइक छीन लिया और कार्रवाई की धमकी दी.

मिर्जापुर: सफाईकर्मी ने खोला भ्रष्टाचार; BDO ने दी धमकी

मिर्जापुर के एक सफाईकर्मी ने मंच पर बैठे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने सिस्टम की पोल खोल दी. उन्होंने कहा सफाई कर्मी गांव में सफाई न कर अधिकारियों के दफ्तर में काम कर रहे हैं. उनको अधिकारियों वाला वेतन दिया जाए और सफाई कर्मी के वेतन से हटाया जाए. इससे वहां बैठे BDO इतना भड़क गए कि माइक छीनवा लिया और धमकी दी.

दरअसल, मिर्जापुर के लालगंज ब्लाक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने पर सोमवार को जनप्रतिनिधि और अधिकारी मंच से उपलब्धि गिना रहे थे और आगे के तीन दिन कार्यक्रम के बारे में मौजूद लोगों को बता रहे थे. इस दौरान लालगंज ब्लाक में तैनात सफाईकर्मी मजनू ने अपनी बात कहना चाह तो उसको माइक दिया गया था.

ऑफिस में अटैच हैं तो अधिकारी का वेतन दिया जाए

सफाईकर्मी मजनू ने माइक पकड़ते ही कहा किसी न किसी ऑफिस में सफाई कर्मी अटैच है. उनके जगह अन्य सफाई कर्मी काम कर रहे हैं. हम जिला पंचायत अध्यक्ष से अनुरोध करते ऑफिस में अटैच है तो उनको अधिकारी का वेतन दिया जाए. सफाई कर्मी के वेतन से हटा दिया जाए. बस इतने में मजनू से माइक छिन लिया गया, ताकी वह और न बोल सके.

मंच पर बैठे जिला पंचायत अध्यक्ष सफाई कर्मी मजनू की बात सुनकर सिर हिला रहे थे. वहीं, मंच पर मौजूद विकासखंड अधिकारी (BDO) विजय शंकर तिवारी अपने कर्मचारियों से माइक छिनने का इसारा करते दिखाई दिए. इसके बाद और क्या होना था, थोड़ी देर बाद सफाई कर्मी मजनू से माइक ले लिया गया. साथ ही उसे एक्शन की धमकी भी दी गई.

ये मंच आपकी इधर-उधर बात सुनने के लिए नहीं- BDO

सफाई कर्मी मजनू की बात से BDO विजय शंकर तिवारी नाराज हो गए. उन्होंने कहा जो समस्या है इसको कार्यालय में लाया जाए, सुना जाएगा. यह मंच वह बात कहने की नहीं है, जहां पर जो शोभा देती है वही बोलना चाहिए. उन्होंने डांटते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक बात के लिए मंच है आपकी इधर-उधर बात सुनने के लिए नहीं है इसको ध्यान में रखिएगा.

उन्होंने धमकी देते कहा कि आगे ध्यान दीजिएगा, इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए. नहीं तो आपके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा. वहीं, अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कार्यक्रम में मिर्जापुर के जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, ब्लॉक प्रमुख जयंत कुमार और BDO विजय शंकर तिवारी के साथ अन्य अधिकारी-कर्मचारी में मौजूद थे.

Follow Us