दूसरी शादी करने वाला था पति, इसी शक में पत्नी ने 3 बच्चों संग पी लिया जहर; मां-बेटी की मौत
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक महिला ने पति पर दूसरी शादी के शक में अपने तीन बच्चों समेत खुद को जहर दे दिया. इस हृदय विदारक घटना में महिला और उसकी एक बेटी की दुखद मौत हो गई, जबकि दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में पारिवारिक विवाद ने इतना बड़ा और जानलेवा मोड़ ले लिया.
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक महिला ने अपने तीन बच्चों को जहर पिला दिया. तीनों बच्चे बेसुध हो गए तो महिला ने खुद भी वही जहर पी लिया. जानकारी होने पर परिजनों ने चारों को अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला और उसकी एक बेटी की मौत हो गई. जबकि दो बच्चों की हालत नाजुक है. उन्हें डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया है. मामला मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र में परसौना गांव सोमवार की दोपहर का है.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि महिला को अपने पति पर शक था. उसे अंदेश था कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है. इससे आहत होकर महिला ने पहले अपने तीनों मासूम बच्चों को जहर पिलाया और फिर फिर उसने खुद भी वही जहरीला पदार्थ पी लिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मां-बेटी की मौत
डॉक्टरों के मुताबिक महिला और उसके तीनों बच्चों को गंभीर हालत में पीएचसी पर लाया गया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चारों को जिला मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया. जहां इलाज के दौरान महिला कुसुम और उसकी 10 वर्षीय बेटी राधिका की मौत हो गई. वहीं दूसरी बेटी मधु और बेटे सत्या की हालत नाजुक है. इनका इलाज जारी है. पुलिस के मुताबिक महिला के पति से भी पूछताछ की जा रही है.
इस लिए हुआ शक
पुलिस के मुताबिक कुसुम का पति धर्मेंद्र धरिकार रोजी रोटी के लिए दिल्ली में रहता है. चार दिन पहले वह गांव आया था. चूंकि वह कुसुम को अपने साथ नहीं रखता था, इसलिए उसे संदेह था कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है. इसी बात को लेकर इनके बीच विवाद हुआ और 12 जुलाई को मिर्जापुर के संतनगर थाना क्षेत्र स्थित शीतलगढ़ में कुसुम के मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के बीच पंचायत भी हुीई थी. समझौते में तय हुआ कि धर्मेंद्र 13 जुलाई को कुसुम को विदा कराकर अपने साथ ले जाएगा. बावजूद इसके वह नहीं ले गया.