प्यार का झांसा देकर अगवा किया, अजमेर में 13 दिन बंधक बनाकर दरिंदगी; युवती से हैवानियत की कहानी
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की एक युवती को प्यार का झांसा देकर अजमेर में 13 दिन तक बंधक बनाया गया और उसके साथ दरिंदगी हुई. आरोपी अरबाज खान ने शादी का बहाना बनाकर उसे अगवा किया था. अब पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक ने एक युवती को प्यार का झांसा दिया और शादी के बहाने राजस्थान के अजमेर ले जाकर बंधक बना लिया. आरोपी ने 13 दिनों तक उसके साथ दरिंदगी की और फिर युवती को उसके गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गया. मामला मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने परिजनों के साथ थाने पहुंची पीड़िता से पूछताछ और उसकी तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी को अरेस्ट कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. आरोपी की पहचान मुरादाबाद में ही कुंदरकी थाना क्षेत्र के चित्तुपुर (चतुपुरा) गांव के रहने वाले अरबाज खान पुत्र आबिद खां के रूप में हुई है.पीड़िता ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि आरोपी के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था. आरोपी उसे शादी के बहाने अजमेर ले गया, लेकिन वहां जाने के बाद उसे एक कमरे में 13 दिनों तक बंद करके रखा.
रोज की दरिंदगी
पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने इन 13 दिनों तक रोज दरिंदगी की. इस दौरान जब भी उसने विरोध करने की कोशिश की, आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और हत्या की धमकी दी. इधर, युवती के लापता होने के बाद उसके परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे थे. तभी 13 दिनों बाद युवती डरी-सहमी अपने घर पहुंच गई. बताया कि आरोपी खुद उसे गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद पीड़ित परिवार ने पाकबड़ा थाने में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई.
जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतपाल अंतिल ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने और आरोपी को अरेस्ट करने का आदेश दिया. इसके बाद हरकत में आई पाकबड़ा थाना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को उसके घर से अरेस्ट किया है. पुलिस ने आरोपी से जरूरी पूछताछ की और फिर अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है. यदि जरूरी हुआ तो आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी.