दलित युवती से दुष्कर्म के आरोप में आजाद समाज पार्टी का नेता गिरफ्तार, वीडियो बनाकर 3 साल तक किया शोषण
मुरादाबाद के भोजपुर में आजाद समाज पार्टी (ASP) के नगर अध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. ASP नेता पर एक दलित युवती का 3 साल तक यौन शोषण और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
मुरादाबाद में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के भोजपुर के नगर अध्यक्ष शराफत अली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. शराफत अली पर एक दलित युवती को ब्लैकमेल कर उसके साथ लगातार दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप है. पीड़िता ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आपबीती साझा की थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है.
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता, जो स्थानीय वाल्मीकि बस्ती की निवासी है, ने आरोपी पर पिछले तीन सालों से शारीरिक शोषण करने और उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के बेहद संगीन आरोप लगाए हैं. युवती का कहना है कि आरोपी ने न केवल उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे, बल्कि चोरी-छिपे उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी तैयार कर लिए थे.
व्हाट्सएप और कॉल के जरिए डराता-धमकाता था
पीड़िता का आरोप है कि आपत्तिजनक दस्तावेजों के बल पर आरोपी लगातार उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था. शराफत अली उसके निजी वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करने की धमकी दे रहा था. इस दौरान आरोपी उसे लगातार व्हाट्सएप मैसेज और कॉल रिकॉर्डिंग के जरिए डराता-धमकाता था.
जब भी पीड़िता ने इसका विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपी द्वारा उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाती थी. मानसिक उत्पीड़न की पराकाष्ठा तब पार हो गई थी, जब आरोपी ने पीड़िता की सामाजिक पृष्ठभूमि को लेकर उस पर बेहद गंदे और जातिसूचक टिप्पणियां करना शुरू कर दिया था, जिससे वह पूरी तरह टूट गई थी.
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा
शिकायत का संज्ञान लेकर भोजपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया था. पुलिस ने इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी शराफत अली है, जो कि मोहल्ला बगियावाला का निवासी है, उसको गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में पर्याप्त सबूत और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संकलित किए जा चुके हैं. पुलिस ने पीड़िता को पूर्ण न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि नारी अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.