जेल से छूटते ही खूनी खेल! मुखबिरी के शक में फर्म कर्मी की ईंटों से कुचलकर हत्या; तलाश में पुलिस

मुरादाबाद में जमानत पर छूटे हत्यारोपी ने साथियों संग एक फर्म कर्मी को मुखबिरी के शक में ईंटों से कुचलकर मार डाला. पोस्टमार्टम में सिर पर 12-14 वार का खुलासा हुआ. पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. वहीं, शहर में इस खूनी खेल से दहशत का माहौल है.

जमानत पर छूटे आरोपी ने ईंटों से कुचलकर की हत्या Image Credit:

मुरादाबाद के मझोला थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जेल से जमानत पर बाहर आए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक फर्म कर्मी की बेरहमी से हत्या कर दी. इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना पर एसपी सिटी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

मृतक की पहचान सूर्य नगर, मनपुर नारायणपुर निवासी सुरेश सैनी (45) के रूप में हुई है, जो एक फर्म में काम करते थे. परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम सुरेश बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. बुधवार सुबह शराब की दुकान के पास सुरेश का खून से लथपथ शव मिला.

CCTV में हमला करते नजर आए तीन आरोपी

घटना की जानकारी मिलते ही मझोला थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो वारदात की तस्वीर सामने आई. फुटेज में तीन आरोपी सुरेश पर हमला करते नजर आए. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ईंट से उनके सिर पर लगातार वार किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए.

पुलिस जांच में मुख्य आरोपी की पहचान विवेक शर्मा के रूप में हुई है, जो महज 15 दिन पहले ही एक पूर्व हत्याकांड में जमानत पर छूटकर बाहर आया था. उसके साथ वारदात में चाऊ की बस्ती निवासी तुषार और सूर्य नगर निवासी अभय भी शामिल थे. पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं.

अमन शुक्ला हत्याकांड में जेल गया था विवेक

मुख्य आरोपी विवेक शर्मा पिछले साल जून में हुए बहुचर्चित श्रमिक नेता मनोज शुक्ला के बेटे अमन शुक्ला हत्याकांड में जेल गया था और हाल ही में जमानत पर छूटा था. वहीं उसका दूसरा साथी तुषार भी चोरी में जेल से बाहर आया था. पुलिस को अंदेशा है कि आरोपियों को सुरेश सैनी पर पुलिस की मुखबिरी करने का शक था, जिसके चलते हत्या कर दी गई.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस जांच में पता चला कि यह हत्या रात करीब एक बजे हुई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने सुरेश सैनी के सिर पर 12 से 14 बार ईंट से प्राणघातक वार किए. यह हमला इतना वीभत्स था कि मृतक के सिर की हड्डियां बुरी तरह टूट गईं और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं थी. हत्या के बाद आरोपी शव को छोड़कर मौके से फरार हो गए.

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी हमलावरों की स्पष्ट पहचान कर ली गई है और पुलिस की कई टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. फिलहाल पुलिस तीनों फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, ताकि हत्या के वास्तविक कारणों का पूरा सच सामने आ सके है.

Follow Us