बरेली जिला अस्पताल से महिला कैदी फरार, बाथरूम जाने के बहाने निकली और हो गई गायब
बरेली जिला अस्पताल से इलाज के दौरान एक महिला कैदी पुलिस हिरासत से फरार हो गई. बाथरूम जाने के बहाने उसने पुलिस को चकमा दिया. इस लापरवाही पर दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित कर दी गई हैं. वहीं, जिले में हड़कंप है, पुलिस ने फरार कैदी की तलाश में कई टीमें गठित की हैं.
बरेली में जिला अस्पताल से इलाज के दौरान एक महिला कैदी पुलिस कस्टडी से फरार हो गई. महिला कैदी को अदालत में पेशी के लिए जिला जेल से लाया गया था. पेशी के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बुधवार शाम करीब छह बजे वह बाथरूम जाने के बहाने महिला पुलिसकर्मियों को चकमा देकर निकल गई.
फरार महिला कैदी की पहचान ममता देवी (48) पत्नी पप्पू वाल्मीकि, निवासी तुला गांव थाना इज्जतनगर, बरेली के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, ममता देवी के खिलाफ फरीदपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है. इसी मामले में वह जिला जेल में बंद थी. 31 अगस्त को उसे जेल से अपर जिला जज पॉक्सो एक्ट की अदालत में पेशी के लिए लाया गया था.
तबीयत बिगड़ने पर लाया गया था अस्पताल
पुलिस के मुताबिक अदालत में पेशी के दौरान ममता देवी की तबीयत खराब हो गई. इसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में उसकी निगरानी और सुरक्षा के लिए पुलिस लाइन से दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी. इनमें महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसोदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी शामिल थीं.
बुधवार शाम करीब छह बजे ममता देवी ने दोनों पुलिसकर्मियों से बाथरूम जाने की बात कही. बताया जा रहा है कि वह सूट पहनकर बाथरूम में घुसी थी और बुर्का पहनकर पुलिसकर्मियों को चकमा देते निकल गई. जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो पुलिसकर्मियों को शक हुआ. तलाश शुरू की गई, लेकिन महिला अस्पताल से फरार हो चुकी थी.
लापरवाही पर दोनों महिला पुलिसकर्मी सस्पेंड
महिला कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. कोतवाली पुलिस और आला अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे. अस्पताल परिसर के साथ आसपास के इलाकों में भी महिला की तलाश की गई. अफरार महिला की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने दोनों महिला पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल नूतन सिसोदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी को निलंबित कर दिया है. पुलिस विभाग की ओर से मामले में विभागीय जांच और अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है. अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है.