बचाओ-बचाओ, किडनैपर! 12 साल के बच्चे की चीख से मची अफरा-तफरी; जांच हुई तो पुलिस भी हैरान

गोरखपुर में 12 साल के एक बच्चे ने अपनी मां के साथ बाइक पर 'किडनैपर, बचाओ बचाओ' चिल्लाकर सनसनी फैला दी. राहगीरों की सूचना पर दो थानों की पुलिस इसके पीछे दौड़ पड़ी. सीसीटीवी की मदद से जांच की गई, फिर जो सच्चाई सामने आई, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है.

सांकेतिक तस्वीर

गोरखपुर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसनें पुलिस को घंटों तक परेशान रखा. एक 12 साल के एक बच्चे ने बाइक पर ‘किडनैपर, बचाओ बचाओ’ चिल्लाकर सनसनी फैला दी. राहगीरों ने इसे अपहरण समझकर तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद दो थानों की पुलिस हरकत में आई. फिर जो सच्चाई सामने आई, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया.

पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से रात करीब 1:00 बजे एक घर में पहुंची जहां बच्चा मिला. जांच में सामने आया कि बच्चे का अपहरण नहीं हुआ था. बल्कि उसकी मां उसे नानी के घर से वापस अपने घर लेकर जा रहे थे, लेकिन वह नानी के पास रहना चाहता था. बच्चे बताया कि उसका मन पढ़ाई में नहीं लगता है, वह जब घर जाता है तो उसे पढ़ाई करना पड़ता है.

गर्मी की छुट्टियों में ननिहाल गया था बच्चा

जानकारी के मुताबिक, शास्त्री नगर कॉलोनी निवासी भारत भूषण शुक्ला एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं. उनका 12 वर्षीय बेटा आर्यन कक्षा छह का छात्र है. गर्मी की छुट्टियों में वह राप्तीनगर स्थित अपने ननिहाल गया था. स्कूल खुलने के बाद उसकी मां उसे लेने मायके पहुंचीं. इसके बाद मां और मामा उसे बाइक से जबरन अपने घर लाने लगे थे.

मंगलवार की रात में जब उसकी मां उसे जबदस्ती बाइक से घर लाने लगी, तभी रास्ते में आर्यन जोर-जोर से “बचाओ-बचाओ” और “किडनैपर” चिल्लाने लगा. उसकी आवाज सुनकर राहगीरों को लगा कि किसी बच्चे का अपहरण किया जा रहा है. उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. जिसपर चिलुआताल और गुलरिहा थाने की पुलिस सक्रिय हो गई.

पुलिस ने बच्चे को फिलहाल नानी के घर भेजा

इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक का पता लगाते हुए देर रात करीब एक बजे बच्चे तक पहुंच गई. इसके बाद पुलिस ने परिवार से पूछताछ की तो इस पूरे मामले का खुलासा हुआ. बच्चे ने बताया कि वह अपने घर नहीं जाना चाहता था. पुलिस ने बच्चे को फिलहाल नानी के घर भेज दिया. यह पूरा मामला चिलुआताल थाना क्षेत्र का है.

क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की, जांच में अपहरण की बात गलत निकली. बच्चा नानी के घर से अपने घर नहीं जाना चाह रहा था, इसीलिए वह बाइक पर चिल्लाया था. उन्होंने बताया कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Follow Us