कचहरी में खुलेआम रिश्वत ले रहा था चकबंदी अफसर का पेशकार, एंटी-करप्शन टीम ने धर दबोचा

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एंटी करप्शन टीम ने चकबंदी अधिकारी के पेशकार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ अरेस्ट किया है. यह पेशकार एक वकील से मुकदमे में फैसला सुनाने के लिए रिश्वत ले रहा था. इसके लिए पेशकार से एक लाख की डील हुई थी. लेकिन पहली ही किस्त लेते आरोपी पेशकार एंटी करप्शन टीम के हत्थे चढ़ गया.

रिश्वत लेते डीडीसी का पेशकार अरेस्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में चकबंदी अफसर के पेशकार को एंटी करप्शन टीम ने 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस दौरान पेशकार ने टीम के साथ धक्का-मुक्की कर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने कचहरी के अंदर ही दौड़ाकर पकड़ लिया. टीम ने आरोपी पेशकार के पास से वह रकम भी बरामद कर ली है, जो चारे के रूप में उसे दी गई थी. यह पूरी कार्रवाई गणेश घाट निवासी एक वकील ओमवीर सिंह की शिकायत पर हुई है.

एंटी करप्शन टीम को दिए शिकायत में वकील ओमवीर सिंह ने बताया कि उनकी जैतपुरा बिसाट गांव में पैतृक जमीन है. इस भूमि से से संबंधित एक मुकदमे की निगरानी याचिका डीडीसी कोर्ट में लंबित है. बीते जून माह में इस मामले में सभी पक्षों की बहस पूरी हो चुकी थी और फैसला सुनाया जाना बाकी है. बात करने पर डीडीसी ने पेशकार से बात करने को कहा. आरोप है कि आदेश जारी करने के एवज में पेशकार सुभाष ने पांच लाख रुपये की डिमांड की थी. मोलभाव के बाद एक लाख में सौदा तय हुआ था.

पहली किस्त लेते पकड़ा गया पेशकार

पीड़ित के मुताबिक पहली किस्त के रूप में ₹50 हजार दिया जाना था. इसकी सूचना उन्होंने एंटी करप्शन टीम को दे दी. इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी पेशकार को रंगे हाथ दबोच लिया है. इस नाटकीय घटनाक्रम से कचहरी परिसर में वकीलों और वादकारियों की भारी भीड़ एकत्र हो गई थे.अब एंटी करप्शन टीम ने आरोपी पेशकार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अरेस्ट किया है.

डीडीसी ऑफिस में मचा हड़कंप

एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई के बाद जिला चकबंदी अधिकारी (डीडीसी) कार्यालय में हड़कंप मच गया. ऑफिस में बैठे अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी फाइलें छिपाने लगे. हालांकि शिकार को जाल में फंसाने के बजाय एंटी करप्शन टीम वहां रूकने के बजाय आरोपी पेशकार को गाड़ी में बैठाकर निकल गई. इस घटना की चर्चा पूरे दिन कचहरी में होती रही.

Follow Us