जिसके रेप में डेढ़ साल से काट रहा जेल, उसके गर्भ में किसका पल रहा बच्चा? DNA रिपोर्ट से उठे सवाल
मुरादाबाद के रेप केस में चौंकाने वाला मोड़ आया है. डेढ़ साल से जेल में बंद आरोपी शिवम का डीएनए, पीड़ित नाबालिग के बच्चे से मैच नहीं हुआ है. डीएनए रिपोर्ट से सवाल उठ रहे हैं कि बच्चे का असली पिता कौन है और पुलिस की शुरुआती जांच पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है. वहीं, इसी रिपोर्ट के आधार पर अब आरोपी ने जमानत की मांग की है.
मुरादाबाद में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां रेप के आरोप में एक युवक डेढ़ साल से सलाखों के पीछे है. आरोप है कि उसने एक नाबालिग से रेपकर प्रेग्नेंट कर दिया. लेकिन जब आरोपी और लड़की के गर्भ में पल रहे बच्चे का डीएनए टेस्ट कराया गया, रिपोर्ट कुछ और ही आ गई. इसके बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत और पुलिस की जांच पर सवाल उठ गए हैं. वहीं इसी रिपोर्ट के आधार पर आरोपी ने जमानत अर्जी दाखिल की है.
मामला मुरादाबाद में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है. जनवरी 2025 में यहां रहने वाली एक बुजुर्ग महिला अपनी 15 वर्षीय पोती के साथ रेप की शिकायत पुलिस में दी थी. महिला ने शिवम नामक युवक पर आरोप लगाया था. कहा था कि आरोपी की हरकतों से उसकी पोती प्रेग्नेंट हो गई. इस समय उसके गर्भ में पांच महीने का बच्चा है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिवम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अरेस्ट कर जेल भेज दिया था.
हाईकोर्ट के आदेश पर डीएनए टेस्ट
जानकारी के मुताबिक अप्रैल 2025 में ही पीड़िता ने एक स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दिया, लेकिन शिवम और उसके परिजनों ने बच्चे को अपनाने से इनकार कर दिया. यही नहीं, शिवम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में वैज्ञानिक डीएनए परीक्षण की गुहार लगाई. फिर हाईकोर्ट के ही आदेश पर पुलिस ने आरोपी और बच्चे के डीएनए सैंपल लेकर मिलान जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया था. जिसकी रिपोर्ट अब आई है.
कौन है बच्चे का असली बाप?
डीएनए जांच में नवजात बच्चे और आरोपी का डीएनए मिसमैच हो गया है. ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर इस बच्चे का असली बाप कौन है. अदालत में डीएनए रिपोर्ट पेश होने के बाद पीड़ित ने इसे अपनी बेगुनाही का सबसे बड़ा वैज्ञानिक प्रमाण बताते हुए जमानत की मांग की है. इधर ग्यारह महीने के हो चुके इस बच्चे की परवरिश को लेकर उसकी नाबालिग मां अत्यंत विकट परिस्थितियों से गुजर रही है. वहीं पुलिस अब असली अपराधी की तलाश में जुट गई है.