दहेज की खातिर हैवान बना पति, बच्चों के सामने ही घोंट दिया पत्नी का गला; फिर हुआ ये एक्शन
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दहेज और शक के चलते एक पति ने अपने बच्चों के सामने पत्नी का गला घोंट दिया. उसने इस वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या का खुलासा कर दिया. पुलिस ने आरोपी पति और अन्य ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक और दुल्हन दहेज की भेंट चढ़ गई. जिले के मैनाठेर थाना इलाके के तहारपुर गांव में पारिवारिक विवाद, शक और दहेज की खातिर एक युवक ने अपने बच्चों के सामने ही पत्नी का गला घोंट दिया. यही नहीं, वारदात को सुसाइड बताने के लिए उसने शव को फंदे से लटका दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पति फाजिल समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. इनमें ससुर साजिद, सास रेहाना और देवर जिलानी व रब्बानी शामिल हैं.
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही उनके दामाद फाजिल और बेटी हुमा के रिश्ते में तल्खी बनी हुई थी. फाजिल अपनी पत्नी पर शक करता था और अक्सर मारपीट पर उतारू हो जाता था. घटना की रात हुमा के बिना बताए घर से बाहर जाने को लेकर दोनों में तीखा विवाद हुआ था. रात भर मारपीट के बाद अगली सुबह तड़के फाजिल ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हुमा की पिटाई की थी. इसके बाद उसने हुमा के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया.
बच्चों के सामने दिया वारदात को अंजाम
परिजनों ने बताया कि आरोपी दामाद ने इस वारदात को अपने तीनों मासूम बच्चों के सामने ही अंजाम दिया. ये बच्चे अपनी मां को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन सिरफिरे पिता पर कोई असर नहीं हुआ. वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने पर्दा डालने के लिए शव को फंदे से लटका दिया और मासूम बच्चों को किसी से भी कुछ न कहने की धमकी दी. इसके बाद वह खुद मैनाठेर थाने पहुंचा और पुलिस को पत्नी के खुदकुशी करने की झूठी कहानी सुनाई थी.
जांच में सामने आया पूरा सच
सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे. इतने में पुलिस भी आ गई. पंचनामा में देखा गया कि मृतका के शरीर पर चोट के गहरे निशान हैं. रही सही स्थिति फॉरेंसिक जांच और शाम को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दी. इसमें आत्महत्या का को र् एंगल ही नहीं मिला. बल्कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि बेरहमी से हत्या के बाद शव को लटकाया गया. फिलहाल एसपी देहात के निर्देशन में पुलिस पूरी मुस्तैदी से नामजद आरोपियों पर शिकंजा कस रही है.