बिना कार्ड मुफ्त इलाज, दवाइयां भी होगी फ्री… अखिलेश ने खेला बड़ा चुनावी दांव

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बड़ा दांव चला है. उन्होंने ऐलान किया है कि उनकी सरकार बनने पर सभी सरकारी अस्पतालों में बिना किसी कार्ड या औपचारिकता के मरीजों को मुफ्त इलाज और दवाइयां मिलेंगी. यह सुविधा आयुष्मान कार्ड की अनिवार्यता खत्म कर देगी, जिसे सपा अपने चुनावी घोषणापत्र में शामिल करेगी.

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव

आयुष्मान कार्ड की दुश्वारियां गिनाते हुए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए बड़ा मास्टर कार्ड खेल दिया है. उन्होंने ऐलान किया कि यूपी में उनकी सरकार बनते ही कार्ड सिस्टम खत्म किया जाएगा. सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों से ना तो कार्ड पूछा जाएगा और ना ही कोई औपचारिकता होगी. अब उन्हें सीधे इलाज मिलेगा. यह इलाज भी पूरी तरह निशुल्क होगा और दवाइयां भी फ्री मिलेंगी.

सपा सुप्रीमो ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में यह ऐलान किया है. कहा कि सपा इस मुद्दे को अपने मैनिफेस्टो में लेकर आएगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि गरीब को किसी भी गंभीर बीमारी के इलाज में कोई पैसा नहीं देना होगा. इस तरह की सुविधाओं वाले अस्पताल नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और समाजवादी पार्टी ने बनवाने शुरू भी कर दिए थे. सरकार बनी तो इस लक्ष्य को पूरा किया जाएगा. उन्होंने उदाहरण दिया कि लखनऊ में लोहिया इंस्टीट्यूट और हास्पिटल में कोई पूछताछ नहीं होती थी, गरीबों का इलाज फ्री होता था और दवाइयां फ्री मिलती थीं.

सपा बनाएगी चुनावी मुद्दा

अखिलेश यादव ने साफ तौर पर कहा कि प्रदेश में कैंसर तेजी से पांव पसार रहा है. मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है. चूंकि इस बीमारी का इलाज काफी महंगा है, इसलिए बड़ी संख्या में लोग बिना इलाज दम तोड़ दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में कैंसर इंस्टीट्यूट बना था. इसका उद्देश्य था कि रिसर्च के साथ ही गरीबों को फ्री इलाज मिल सके. उसे बीजेपी सरकार ने अपने एक नेता के नाम पर तो कर दिया, लेकिन वहां कोई इलाज उपलब्ध नहीं है. उन्होंने कहा कि भविष्य में सपा मुफ्त इलाज को अपने मैनिफेस्टो में शामिल करेगी.

क्या है ‘दाम बांधो’ का सिद्धांत?

सपा अध्यक्ष ने कहा कि चीनी महंगी है, मिलावटी पेट्रोल भी महंगा है. लोगों की आमदनी कम हो गई, ऊपर से महंगाई थोप दी गई. यह सब भ्रष्टाचार की वजह से है. उन्होंने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया ने कभी ‘दाम बांधो’ का सिद्धांत दिया था, अब समय आ गया है उसपर अमल करने का. अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनते ही इस दाम बांधो के सिद्धांत पर काम होगा. पूर्व सीएम अखिलेश JPNIC को लेकर भावुक नजर आए. कहा कि समाजवादियों के लिए यह इमोशनल जगह है.

Follow Us