दो बाइकों की टक्कर में सड़क पर गिरी, फिर ट्रक ने रौंदा; हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई. दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरी एक महिला और उसकी दो महीने की बच्ची को पीछे से आए ट्रक ने रौंद दिया. दोनों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. यहां दो बाइकों में टक्कर के बाद एक बाइक से गिरी महिला और उसकी दो महीने की बच्ची को पीछे से आए ट्रक ने रौंद दिया. इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा मुरादाबाद में कुंदरकी-डींगरपुर मार्ग का है. इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची कुंदरकी पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया है.
हादसे में तीनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया था. वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मृत महिला के परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस ने ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक अमरोहा के घना रामपुर निवासी शाहिद (18) अपनी मां सायमा (45) के साथ बाइक से कुंदरकी जा रहे थे.
मौके पर ही दोनों की मौत
उसी समय मूंढापांडे निवासी वीरपाल अपनी पत्नी बीरो, बहन पिंकी और दो माह की बेटी के साथ दूसरी बाइक से आए और दोनों बाइकों में भिड़ंत हो गई. इस हादसे में दोनों बाइक टकरा कर गिरीं और साथ में पांचों लोग भी गिर गए. इतने में पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया. इस हादसे में महिला और बच्ची की मौके पर ही जान चली गई. जबकि बाकी तीन लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने इन तीनों को अस्पताल भेजने के साथ ही इनके बयान दर्ज किए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक ट्रक ड्राइवर अभी फरार है. उसकी तलाश की जा रही है. इसके साथ ही यह भी पता करने का प्रयास किया जा रहा है कि यह हादसा हुआ कैसे. जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.