7 साल की बच्ची का घोंटा गला, फिर शव बोरे में भरकर ले जाते CCTV में दिखा आरोपी; रेप की आशंका
ग्रेटर नोएडा के हल्दोनी गांव में 7 साल की बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. लापता बच्ची की तलाश में जुटी पुलिस को CCTV फुटेज मिली, जिसमें आरोपी बच्ची को ले जाते और फिर उसके शव को बोरी में भरकर ले जाते दिखा. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और जांच जारी है. दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है.
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र इलाके के हल्दोनी गांव से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. इस गांव के ही रहने वाले मस्जिद की 7 साल की मासूम बच्चे की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई. बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की. इस दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें आरोपी बच्ची को पहले बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाते दिखा, फिर थोड़ी देर बाद बच्ची की हत्याकर शव को बोरी में भरकर ले जाते नजर आया.
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस की टीम मामले की गहन जांच में जुटी है. इस संबंध में संदेह के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त की रात बच्ची के परिजनों ने 7 वर्षीय बेटी के घर से लापता होने की सूचना दी थी. सूचना मिलने पर पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए पांच टीमों का गठन किया.
सीसीटीवी में दिखा आरोपी
पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगालनी शुरू की. इसी दौरान एक कैमरे में बच्ची को आरोपी अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया. कुछ ही देर बाद वही युवक एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में बोरी में कुछ ले जाते दिखा. पुलिस को शक है की बोरी में बच्ची का शव था. जब पुलिस ने छानबीन शुरू की तो बच्ची का शव पास के खेतों में बोरी में मिला.
पड़ोसी पर शक, पूछताछ जारी
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी और एक पड़ोसी युवक को हिरासत में ले लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. सेंट्रल नोएडा के डीपीसी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है. पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है कि किन परिस्थितियों में वह बच्ची को घर से ले गए और उसकी हत्या के पीछे की क्या वजह थी.बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका की अभी पुष्टि नहीं हुई है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की असली कर्ण की जानकारी मिलेगी पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
