होने ही वाली थी किडनैपिंग, तभी पहुंच गई पुलिस; ऐसे बची एक्सपोर्टर की जान… हैरान कर देगा खुलासा

मुरादाबाद में एक बड़े पीतल कारोबारी के अपहरण की साजिश नाकाम हो गई है. बदमाशों ने 50 लाख की फिरौती के लिए उन्हें अगवा करने की योजना बनाई थी, लेकिन ऐन मौके पर पुलिस ने दबिश देकर उन्हें दबोच लिया. हैरान करने वाली बात यह है कि इस साजिश में कारोबारी का सबसे भरोसेमंद कर्मचारी भी शामिल था.

मुरादाबाद पुलिस ने फेल की अपहरण की योजना Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सोमवार की रात एक बड़े पीतल कारोबारी का अपहरण होने वाला था. बदमाश उन्हें फैक्ट्री से निकलते ही अगवा करने वाले थे. योजना के मुताबिक कारोबारी को अगवा कर पहले उनके परिजनों से 50 लाख की फिरौती वसूलनी थी, फिर उन्हें मार कर फेंक दिया जाना था. वारदात के लिए बदमाश फैक्ट्री के बाहर जाल बिछाकर बैठ भी गए थे, लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस पहुंच गई.

पुलिस ने आनन फानन में बदमाशों की घेराबंदी की और उन्हें दबोच लिया है. इनमें एक बदमाश कारोबारी का सबसे विश्वासपात्र कर्मचारी है. मामला मुरादाबाद में मैनाठेर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक एक गुप्त सूचना आई थी. इस सूचना पर मुरादाबाद पुलिस की SOG और मैनाठेर पुलिस ने अचानक से कारोबारी की फैक्ट्री के बाहर दबिश दी. इस दौरान चार लोग संदिग्ध परिस्थिति में नजर आए. पुलिस ने इनकी घेराबंदी की और पकड़कर पूछताछ की तो इस साजिश का खुलासा हुआ.

मालदार बनने की चाहत में बनाया गैंग

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों में से एक फैक्ट्री मालिक का भरोसेमंद कर्मचारी है. कुछ दिनों से यह आर्थिक तंगी से परेशान था. इसी बीच इसके दिमाग में कारोबारी से ही फिरौती वसूलने का आइडिया आया और इसने अपने चार दोस्तों को मिलाकर गैंग बना लिया. पुलिस की पूछताछ में इसने बताया कि उसने योजना के मुताबिक फैक्ट्री मालिक के निकलने की सूचना अपने साथियों को दे दी थी. आगे का काम उन्हें करना था, लेकिन इससे पहले पुलिस आ गई.

ऐसे हुई गिरफ्तारी

SP देहात कुंवर आकाश सिंह के मुताबिक इस संबंध में पुलिस को इनपुट मिलते ही SOG प्रभारी विवेक यादव और मैनाठेर थाने की पुलिस को एक्टिव किया गया. इस टीम ने मौके से पांचों आरोपियों को दबोच लिया है. उन्होंने बताया कि थोड़ी भी देर हो जाती तो अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते. पुलिस ने इनके पास से देशी पिस्टल, चाकू, रस्सी और बेहोश करने वाला इंजेक्शन बरामद किया है. पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद इन्हें जेल भेज दिया है.

Follow Us