पति के एनकाउंटर पर खुश हुई साइमा, मौत से जारी जंग के बीच बोली- पुलिस मिले तो पैर पकड़ लूं
खुशलोक अस्पताल में जीवन और मौत के लिए संघर्ष कर रही साइमा को पति के एनकाउंटर की खबर से गहरी राहत मिली है. पति ने पंचायत में साइमा, उसकी मां और भाई पर चाकू से हमला किया था, जिसमें मां और भाई की जान चली गई थी. घरेलू हिंसा और क्रूरता की शिकार साइमा ने बरेली पुलिस को धन्यवाद दिया है. कहा कि अब वह और उसके बच्चे सुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश में बरेली के खुशलोक अस्पताल में जीवन और मौत के बीच जूझ रही साइमा आज बहुत खुश है. जैसे ही उसके पति के एनकाउंटर की खबर मिली, वह बोल पड़ी कि ‘अल्लाह का शुक्र है’. पति के ही हमले में बुरी तरह से घायल साइमा को आईसीयू में रखा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पारिवारिक झगड़े की पंचायत में उसके पति ने उसके ऊपर चाकू से हमला किया था. इसमें उसकी मां और भाई भी घायल हो गए थे, जिनकी थोड़ी देर बाद ही मौत हो गई थी.
हालांकि साइमा को मां की मौत की खबर नहीं दी गई है. परिजनों ने उसे पति के एनकाउंटर की खबर दी तो वह खुश हो गई. कहा कि यदि पुलिस उसे मिल जाए तो वह पैर पकड़ लेगी. इस दौरान साइमा ने मीडिया से भी थोड़ी बहुत बात की. कहा कि अब उसे उम्मीद है कि वह और उसके बच्चे सुरक्षित हो गए हैं. बरेली पुलिस का शुक्रिया अदा करते हुए पुलिस मिल जाए तो वह उनके पैर भी पकड़ लेगी. उन्होंने बहुत बड़ा काम कर दिया है.
2017 में किया था लव मैरिज
साइमा को अपने चचेरे भाई अफसर खान से प्यार था. घर वाले इनके रिश्ते को तैयार नहीं थे. ऐसे में साइमा और अफसर ने घर वालों से बगावत कर साल 2017 में निकाह कर लिया था. साइमा के मुताबिक शुरू में तो सब ठीक था, लेकिन बाद में घर के खर्चों को लेकर उनके बीच झगड़े शुरू हो गए. ऐसे में आए दिन अफसर ना केवल उसके साथ, बल्कि बच्चों के साथ भी मारपीट करने लगा. इसकी वजह से आरोपी पति के साथ वह एक दिन भी खुश नहीं रह सकी.
पंचायत में किया जानलेवा हमला
साइमा के मुताबिक साल 2022 में अफसर ने उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की थी. इस संबंध में उसने इज्जत नगर थाने में घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया था. इसी मामले में सोमवार को सर्राफा कारोबारी और सपा नेता राशिद खां के घर पंचायत बुलाई गई थी. इस दौरान किसी बात पर साइमा के भाई आदिल ने अफसर को चप्पल मार दिया. इतने में अफसर ने भी चाकू निकालकर आदिल, उसकी मां और पत्नी साइमा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.
मुश्किल में है जान
खुशलोक हॉस्पिटल के डॉक्टर विनोद पागरानी के मुताबिक साइमा हॉस्पिटल में आई तो उसकी हालत बहुत नाजुक थी. उसके शरीर पर बने घावों से लगातार खून वह रहा था. अभी भी उसकी हालत में बहुत ज्यादा सुधार नहीं है. उसके पेट और पैर में काफी गहरे घाव हैं. अभी उसकी स्थिति ऑपरेशन के लायक भी नहीं है. ऐसे में उसकी हालत में थोड़ा बहुत सुधार होने के बाद ही उसके स्वास्थ्य को लेकर कुछ भी कहा जा सकता है.