बारातियों के झगड़े में बीच-बचाव करना पड़ा भारी, किसान की पीट-पीटकर हत्या; खेत में मिला शव
मुरादाबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां विवाह समारोह के दौरान कार हटाने के मामूली विवाद में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. किसान बारातियों के झगड़े में बीच-बचाव करने गया था. किसान का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला है. मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
मुरादाबाद में शादी समारोह के दौरान कार हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. थाना भगतपुर क्षेत्र में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आरोपियों ने शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया. पुलिस ने मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस के अनुसार, घटना 10 जुलाई की रात ग्राम झालपुर स्थित के.एस. गोल्डन रिसोर्ट में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई. बारातियों के बीच विवाद हो रहा था, जिसे गांव के किसान संतोष सिंह ने बीच-बचाव कर शांत कराया. आरोप है कि इसी बात से नाराज कुछ लोगों ने बाद में कार हटाने के विवाद को लेकर संतोष सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी.
पास के गन्ने के खेत में ले जाकर कर दी हत्या
मृतक के भाई अधिवक्ता मनीष ने बताया कि रिसोर्ट में हिमायूंपुर से बारात आई थी. शाम को घराती और बारातियों में विवाद हो रहा था, जिसे उनके भाई संतोष ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था, इसी बात का बुरा मानकर आरोपी नरेश और उसका भाई रात करीब 9-9:30 बजे संतोष को बहला-फुसलाकर पास के गन्ने के खेत की तरफ ले गए थे.
मनीष ने बताया कि गन्ने के खेत में पहले से मौजूद कपिल और उसके अन्य साथियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया. गंभीर चोटों के कारण संतोष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपियों ने शव को खेत में फेंककर फरार हो गए. देर रात परिजनों ने तलाश की तो सतवीर के मकान के आगे गन्ने के खेत में संतोष का शव बरामद हुआ.
एक गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जारी- SP
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं.
