ऑनलाइन सट्टे में हार के बाद की 24.90 लाख की लूट, झांसी में दो सिपाही समेत 6 गिरफ्तार
झांसी पुलिस ने 24 लाख 90 हज़ार की लूट का 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है. यह लूट की वारदात ऑनलाइन सट्टे के बड़े नुकसान के बाद रची गई थी, जिसमें पुलिसकर्मी भी शामिल थे. इस मामले में दो पुलिसकर्मियों सहित छह आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
झांसी में 24 लाख 90 हजार रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में जालौन पुलिस लाइन में तैनात दो सिपाहियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. झांसी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 लाख 50 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार बरामद की है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों में गौरव यादव, सुरेश यादव, सुखवीर, सूरज सिंह, रवेंद्र राजपूत और मनोज शामिल है. इसमें रवेंद्र राजपूत और मनोज जालौन पुलिस लाइन में आरक्षी तैनात हैं.
सट्टे में हुए नुकसान की भरपाई के लिए लूट
झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में 12 जुलाई को यह लूट की घटना हुई थी. पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी ऑनलाइन सट्टे में बड़ी रकम हार गया था. आर्थिक नुकसान की भरपाई करने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची. आरोपियों ने पीड़ित को झांसी बुलाया, उसके साथ मारपीट की और 24.90 लाख रुपये लूट लिए.
इसके बाद शिकायत के आधार पर जांच के लिए पुलिस टीमें गठित की गई. जिसने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा लिया. इस दौरान पुलिस के द्वारा आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम 24 लाख 50 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद की गई है.
एक आरक्षी समेत चार और लोग हैं शामिल
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मामले की जांच के दौरान एक अन्य आरक्षी समेत चार और लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
रिपोर्ट- अमित सोनी, टीवी9, झांसी
