13 साल के बच्चे को पिता ने थमा दी लग्जरी कार की स्टीयरिंग, सड़क पर दौड़ाता नजर आया SUV, वीडियो वायरल

मुरादाबाद में एक पिता ने लापरवाही की हदें पार कर दीं. उसने अपने 13 साल के बच्चों को कार की स्टीयरिंग थमा दी. इस दौरान बच्चा सड़क पर कार दौड़ाता नजर आया. बीच सड़क पर इस तरह पिता द्वारा नाबालिग को गाड़ी थमाकर न सिर्फ उस मासूम की जिंदगी को खतरे में डाला गया है, बल्कि राह चल रहे दर्जनों बेकसूर लोगों की जान से भी खिलवाड़ किया गया.

13 साल के बच्चे को थमा दी कार की स्टीयरिंग Image Credit:

चंद पैसों की रईसी और अपनी झूठी शान की खातिर लोगों की जान जोखिम में डालने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद से सामने आया है. यहां सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें एक 13 साल का नाबालिग बच्चा व्यस्त सड़क पर बेखौफ होकर एक सफेद रंग की लग्जरी कार (XUV700) दौड़ाता नजर आ रहा है.

हैरान कर देने वाला वाकया मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस इलाके में पीएमएस स्कूल के पास का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब एक जागरूक राहगीर ने कार रुकवाकर बच्चे की उम्र पूछी, तो बगल की सीट पर बैठे परिजन ने बड़े ही गैर-जिम्मेदाराना ढंग से कहा कि यहीं तो घुमा रहा है. इसके बाद जब बच्चे से पूछा गया, तो उसने खुद अपनी उम्र महज 13 साल बताई गई है.

खतरे में डाली गई दर्जनों बेकसूर लोगों की जान

बीच सड़क पर इस तरह नाबालिग को गाड़ी थमाकर न सिर्फ उस मासूम की जिंदगी को खतरे में डाला गया है, बल्कि राह चल रहे दर्जनों बेकसूर लोगों की जान से भी खिलवाड़ किया गया है. सोशल मीडिया पर इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी है और ट्रैफिक पुलिस से इस पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की जा रही है. अगर इस व्यस्त सड़क पर कोई अनहोनी हो जाती, तो आखिर इसका जिम्मेदार कौन होता?

ऐसा करने पर जेल जाने तक का प्रावधान

​सुप्रीम कोर्ट और मोटर वाहन अधिनियम (नियमों) के अनुसार, किसी भी नाबालिग को वाहन सौंपना एक गंभीर और दंडनीय अपराध है. देश के कड़े ट्रैफिक नियमों के तहत ऐसा करने पर गाड़ी के मालिक या अभिभावक को भारी-भरकम जुर्माने के साथ-साथ जेल तक की सजा का सख्त प्रावधान है.

मुरादाबाद की इस घटना ने साफ कर दिया है कि कुछ लोग कानून को ताक पर रखकर बच्चों के हाथों में रफ्तार थमा रहे हैं. परिजनों को यह समझना बेहद जरूरी है कि ऐसी लापरवाही किसी बड़े हादसे को दावत देती है. यदि समय रहते अभिभावक जागरूक नहीं हुए और पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की, तो सड़कों पर ऐसे लापरवाह लोग कभी भी अपनी जिम्मेदारी को नहीं समझेंगे.

पुलिस ने कहा- गाड़ी और बच्चे को आइडेंटिफाई किया जा रहा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो को लेकर पुलिस के द्वारा पुष्टि करते हुए यह बताया गया है वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से हमारे पास प्राप्त हुई है. वीडियो में दिख रही गाड़ी और उसमें दिखाई दे रहे हैं बच्चे को आईडेंटिफाई करते हुए वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जानी है. यातायात नियम का उल्लंघन करने वाले पिता के वाहन चालक पर संबंधित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us