सपा विधायक महाराजी प्रजापति के घर पर दबंगों का हमला, परिवार को दी जान से मारने की धमकी
सपा विधायक महाराजी प्रजापति के घर पर दो दर्जन से अधिक दबंगों का हमला कर दिया. हमले के वक्त के महाराजी प्रजापति लखनऊ में थीं. हमलावरों ने परिवार के सदस्यों की लाठी-डंडों से पिटाई की. फिर जान से मारने की खुली धमकी देते हुए फरार हो गए.
मंगलवार देर शाम अमेठी की आवास विकास कॉलोनी में समाजवादी पार्टी की विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर दो दर्जन से अधिक दबंगों ने धावा बोल दिया. लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने घर में मौजूद लोगों की बेरहमी से पिटाई की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी.
घटना सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर बताई जा रही है.घटना की जानकारी देते हुए विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति ने बताया कि करीब 8:30 बजे दो स्कॉर्पियो वाहनों और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बदमाशों ने पहले गाली-गलौज शुरू किया. विरोध करने पर उन्होंने घर के बाहर मौजूद लोगों और परिवार के सदस्यों पर लाठियां बरसानी शुरू कर दीं.
विधायक महाराजी प्रजापति उस समय लखनऊ में थीं. हमलावरों ने परिवार को मारने की खुली धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. बता दें कि महाराजी प्रजापति मंत्री गायत्री प्रजापति की पत्नी हैं. घटना के बाद उनके समर्थक आवास पर जुट गए और नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की. अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
अनुराग प्रजापति ने अमेठी कोतवाली थाने में तहरीर देकर शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी आरोपी समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता और कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं.
विधायक के समर्थकों में भारी आक्रोश है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. साथ ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मांग की है कि दोषियों को तुरंत पार्टी से निष्कासित किया जाए.घटना के बाद बुधवार को विधायक आवास पर बाहर सन्नाटा छाया रहा, लेकिन अंदर अनुराग प्रजापति समर्थकों के साथ बंद कमरे में आगे की रणनीति पर मंथन कर रहे थे.