‘गांव छोड़ो या जान गंवाओ…’, मुरादाबाद में दहशत के बीच चूड़ी कारोबारी का पलायन

मुरादाबाद के जटपुरा में चूड़ी कारोबारी को पड़ोसियों की धमकियों के कारण पलायन करना पड़ा, जिसने अपने घर पर 'मकान बिकाऊ है' का बोर्ड लगा दिया था. पुलिस ने मामले में तुरंत एक्शन लिया है, ताकी पीड़ित परिवार में भय का माहौल समाप्त हो.

दबंगों की धमकियों के चलते पलायन पर मजबूर

मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र के जटपुरा गांव में नाली के पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पलायन तक पहुंच गया है. फिरोजाबाद के मूल निवासी और चूड़ी कारोबारी मुकेश कुमार ने पड़ोसियों से लगातार मिल रही कथित धमकियों और दहशत के चलते अपने घर पर ‘मकान बिकाऊ है का बोर्ड लगा दिया और पलायन पर मजबूर हो गए.

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई की रात जटपुरा गांव में नाली के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. उस समय मुकेश कुमार किसी काम से फिरोजाबाद गए हुए थे. आरोप है कि पड़ोसी जब्बार, उसकी पत्नी मेहरूल, रफी अहमद और नरगिस ने घर में घुसकर मुकेश की पत्नी और बेटे के साथ मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता की.

भय और दहशत के कारण पलायन करने को विवश

इतना ही नहीं, घर में रखे सामान में भी तोड़फोड़ की गई. पीड़ित की तहरीर पर डिलारी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. इसके बाद मुख्य आरोपी जब्बार को जेल भेज दिया था. लेकिन जब्बार के जेल जाने के बाद उसके परिजन और सहयोगी लगातार परिवार को जान से मारने की धमकियां देने लग गए थे.

इस भय और दहशत के कारण परिवार गांव से पलायन करने को विवश हो गया और उन्होंने मकान पर ‘मकान बिकाऊ है’ का फ्लेक्सी बैनर लगा दिया था.,हालांकि, मामले में पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी को जेल भेजा जा चुका था और पलायन या मकान बेचने की कोई औपचारिक सूचना थाने में नहीं थी.

जब्बार की पत्नी गिरफ्तार, घटना के बाद से थी फरार

मामला सामने आने के बाद SSP मुरादाबाद के निर्देशन में पुलिस ने अब जब्बार की पत्नी और वांछित चल रही सह-आरोपी महिला मेहरूल उर्फ मेहरूलनिशा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है. वह BNS की धारा 331(6), 352, 351(3) और 324(4) के तहत दर्ज मु0अ0सं0 155/2026 में वांछित चल रही थी.

साथ ही लिस ने नियमानुसार आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर अभियुक्ता को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है, पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पीड़ित परिवार को भयमुक्त वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है. पुलिस मामले में आगे की जांच प्रताल करने में जुटी है.

Follow Us