मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू की दस्तक, H1N1 मरीज मिलने से हड़कंप; CMO ने जारी की एडवाइजरी

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू (H1N1) का पहला मामला सामने आया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है. गाजियाबाद से लौटी एक महिला में H1N1 की पुष्टि हुई है. स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है. CMO ने 10 बेड का विशेष वार्ड आरक्षित किया है. साथ ही जरूरी एडवाइजरी जारी की है.

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू की दस्तक: H1N1 की पुष्टि Image Credit:

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. गाजियाबाद से मुरादाबाद लौटी 42 वर्षीय महिला पूजा शर्मा में RT-PCR जांच के दौरान H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है. महिला को तेज बुखार, गले में खराश और शरीर में दर्द की शिकायत के बाद जांच कराई गई थी.

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह के मुताबिक, रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद महिला को शहर के निजी अस्पताल एशियन विवेकानंद में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है. स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क है और संभावित खतरों से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं.

जिला अस्पताल में 10 बेड का विशेष वार्ड

सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि भविष्य में संक्रमण फैलने की स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए10 बेड का विशेष वार्ड आरक्षित कर दिया गया है. इसके अलावा, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) को भी कम से कम 5-5 बेड इस बीमारी से ग्रसित मरीजों के उपचार के लिए आरक्षित रखने के सख्त निर्देश हैं.

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी आश्वस्त किया है कि स्वाइन फ्लू के इलाज में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख दवा ओसल्टामिविर (Oseltamivir), जो बाज़ार में ‘टैमीफ्लू’ (Tamiflu) नाम से उपलब्ध है, उसकी जनपद में कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक सुरक्षित रखा गया है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी डॉक्टरों और चिकित्साकर्मियों को हाई अलर्ट पर रखा है.

टैमीफ्लू का पर्याप्त स्टॉक, जारी की एडवाइजरी

इसके साथ ही, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नागरिकों से पैनिक न करने और सतर्कता बरतने की अपील की है. सीएमओ ने कहा कि लोग भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और बाहर निकलते समय मास्क का नियमित उपयोग करें. अगर किसी व्यक्ति में सर्दी, खांसी या छींकने के लक्षण दिखे तो उससे उचित दूरी बनाए रखना है.

इसके अलावा, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए समय-समय पर हाथ धोने और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई है. स्वास्थ्य विभाग पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.

Follow Us