MBBS में एडमिशन का झांसा, 35 लाख की ठगी! मुरादाबाद में 2 सरकारी टीचर समेत 10 पर FIR
मुरादाबाद में MBBS दाखिले के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है. पुलिस ने मामले में दो सरकारी शिक्षकों समेत 10 लोगों पर FIR दर्ज की है. आरोपियों ने अनाथ कोटे से फर्जी एडमिशन दिलाने का झांसा देकर 35 लाख रुपये ठग लिए. पीड़ित ने अपना मकान बेचकर पैसे जुटाए थे.
मुरादाबाद में MBBS में दाखिला दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. कटघर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो सरकारी शिक्षकों समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोप है कि अनाथ कोटे से एडमिशन कराने का झांसा देकर पीड़ित परिवार से करीब 35 लाख ऐंठ लिए.
शिकायतकर्ता राजीव कुमार सैनी ने बताया कि बेटे और भतीजे के एडमिशन के लिए आरोपियों ने संपर्क किया था. उन्हें देहरादून के सुभारती मेडिकल कॉलेज में मैनेजमेंट कोटे से एडमिशन कराने का भरोसा दिया गया. पीड़ित का कहना है कि बच्चों के भविष्य के लिए उन्होंने रकम जुटाई और कुछ पैसा बैंक ट्रांसफर के जरिए भी दिया.
एडमिशन के लिए पहुंचे तो दस्तावेज फर्जी निकले
पीड़ित परिवार के मुताबिक, आरोपियों ने दोनों बच्चों का दाखिला अनाथ कोटे से कराने के लिए 35 लाख की मांग की. पैसे देने के बाद उन्हें कुछ दस्तावेज दिए गए. लेकिन जब इन दस्तावेजों को लेकर एडमिशन के लिए सुभारती मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तो पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं. इसके बाद पीड़ित परिवार को अपने साथ ठगी होने का पता चला.
राजीव सैनी का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और परिवार को धमकियां दीं. राजीव सैनी ने बताया, अपना मकान बेचकर बच्चों के भविष्य के लिए यह पैसे जुटाए थे, अब पैसे वापस मांगने पर आरोपी उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं. पीड़ित ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है.
दो सरकारी शिक्षकों समेत 10 लोगों पर मुकदमा
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कटघर थाने में राजीव सैनी ने एक शिकायत पत्र दिया था. आरोप है कि उनके बेटे का MBBS में दाखिला कराने के नाम पर 4-5 लोगों के गिरोह ने उनसे करीब 18-19 लाख रुपये RTGS और ऑन-रिकॉर्ड माध्यमों से लिए है. रकम लेने के बावजूद आरोपी एडमिशन नहीं करा सके और अवैध तरीका अपनाने लगे.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो सरकारी शिक्षकों समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मामले से जुड़े दस्तावेजों तथा लेन-देन की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोपों की भी जांच की जा रही है.