कंटेनर से टकराई NIA के डिप्टी एसपी की बाइक, मौके पर हुई मौत, GF की हालत नाजुक

मुरादाबाद में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा का निधन हो गया है. दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर उनकी बाइक खड़े कंटेनर से टकरा गई. इस दुर्घटना में ईशान मेहरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार में शोक का माहौल है.

सड़क हादसे में एनआईए के डिप्टी एसपी की मौत Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार की रात हुए एक दर्दनाक हादसे में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की मौत हो गई. डिप्टी एसपी ईशान मेहरा अपनी महिला मित्र के साथ दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक से जा रहे थे. मुरादाबाद के कटघर कोतवाली क्षेत्र में देवापुर गांव के पास अचानक उन्हें कुछ भ्रम सा हुआ और उन्होंने पूरी स्पीड में बाइक एक कंटेनर में ठोक दी. इस हादसे में ईशान मेहरा की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई हैं.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है. यह हादसा शनिवार की देर रात करीब 11:30 बजे का है. पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की पोस्टिंग इन दिनों एनआईए में थी. शनिवार को जयपुर की रहने वाली अपनी महिला मित्र के साथ वह बाइक पर सवार होकर दिल्ली से उत्तराखंड जा रहे थे. इसी दौरान देवापुर गांव के पास अंधेरे की वजह यह हादसा हो गया. फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है.

मौके पर हुई मौत

हादसे की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ईशान को मृत घोषित कर दिया. वहीं उनकी महिला मित्र की गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कर लिया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल से ईशान का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों बाइक पर सवार होकर दिल्ली से उत्तराखंड के बाजपुर की ओर जा रहे थे.

मोहाली के रहने वाले थे ईशान

मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक डिप्टी एसपी ईशान मेहरा मूल रूप से पंजाब के महोली के रहने वाले थे. उनकी पोस्टिंग दिल्ली स्थित एनआईए मुख्यालय में थी. शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश की वजह से वह अपने महिला मित्र के साथ वीकेंड मनाने बाजपुर जा रहे थे. एसपी सिटी के मुताबिक कंटेनर आगे चल रहा था और अचानक ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिया. ऐसे में पीछे आ रहे डिप्टी एसपी ईशान ने बाइक कंटेनर में ठोक दी.

परिवार में मचा कोहराम

इस सड़क हादसे की सूचना मिलते ही मृत अधिकारी की माता पूनम मेहरा और उनके भाई राघव समेत अन्य परिजन बदहवास हालत में मुरादाबाद पहुंचे हैं. पुलिस ने कानूनी कार्यवाही पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार को सौंप दिया है. जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर लेकर रवाना हो गए हैं. इस घटना को लेकर डिप्टी एसपी ईशान के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

Follow Us