भाभी के इश्क में कातिल बना देवर, शादी से इनकार पर भतीजे को अगवा कर दे दी दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में देवर ने अपनी भाभी के प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर डेढ़ साल के भतीजे की दर्दनाक हत्या कर दी. आरोपी ने बच्चे को चॉकलेट का लालच देकर अगवा किया और फिर पटक-पटककर मार डाला. घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी देवर विराज को गिरफ्तार कर लिया है. यह दिल दहला देने वाली वारदात अरांव थाना क्षेत्र में हुई.
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक अपने डेढ़ साल के भतीजे की पटक-पटककर हत्या कर दी है. आरोपी बच्चे को चॉकलेट दिलाने के बहाने उसे ले गया और फिर इस वारदात को अंजाम दिया. इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है. इस वीडियो में आरोपी बच्चे को जमीन पर पटकते हुए साफ देखा जा रहा है. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है.
मामला फिरोजाबाद के अरांव थाना क्षेत्र में बामई गांव का है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाली पिंकी ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि कुछ समय पहले उसने अपनी बेटी रति की शादी बदायूं में रहने वालेू सुनीत के साथ की थी. शादी के कुछ समय बाद दोनों में विवाद हो गया, इसलिए उनकी बेटी रति अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ अब उनके साथ ही रहती है. पिंकी के मुताबिक शनिवार को उनकी बेटी अपनी सहेली पुष्पलता पाठक का हालचाल लेने गई थी. इसी दौरान आरोपी ने उनके घर आकर इस वारदात को अंजाम दिया है.
देवर है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी विराज उनके दामाद सुनीत की बुआ का बेटा है. वह काफी समय से रति पर डोरे डाल रहा था. वहीं सुनीत के साथ विवाद के बाद वह रति पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा था. वहीं जब रति ने उसे यह कहते हुए मना किया कि वह शादीशुदा है और एक बच्चे की मां भी है तो आरोपी रति से रंजिश रखने लगा. शनिवार को वह अचानक उनके घर पहुंचा और रति के बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने अगवा किया और कुछ दूर ले जाकर उसे पटक कर मार डाला.
वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में आरोपी बच्चे की टांग पकड़ कर बार-बार जमीन पर पटकते नजर आ रहा है. वहीं, बच्चे की मौत के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे अरेस्ट कर लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से एक देशी तमंचा और कुछ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.