हुस्न का जाल, ब्लैकमेलिंग का खेल; ‘हनी ट्रैप’ गैंग की लेडी डॉन रेहाना समेत 5 गिरफ्तार
मुरादाबाद पुलिस ने हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें 4 महिलाएं हैं और एक पुरुष है. इन सभी पर लोगों को मिलने के बहाने बुलाने, उनका वीडियो बनाने और उसे वायरल कर पैसे ऐंठने का आरोप है. इस गैंग की सरगना रेहाना बताई जा रही है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार 5 लोगों में वह भी शामिल है.
मुरादाबाद पुलिस ने लोगों को जाल में फंसाकर पैसे वसूलने वाले एक हनी ट्रैप गैंग का खुलासा किया है. पुलिस ने गैंग की सरगना समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. आरोप है कि यह लोग लोगों को बुलाकर उनका वीडियो बना लेते थे और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगते थे. एक युवक से करीब 85 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है.
पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवक ने शिकायत दी थी कि कुछ लोगों ने उसे मिलने के बहाने बुलाया. वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसकाक वीडियो बना लिया गया. इसके बाद उसे वीडियो वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगे गए. मामले की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग की सरगना रेहाना समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
चार महिलाएं और एक पुरुष गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल है. पुलिस ने उनके पास से नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लोगों को जाल में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठता था. सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं यह गिरोह किसी बड़े ब्लैकमेलिंग रैकेट का हिस्सा तो नहीं है.
ऐसे होता था अवैध वसूली का खेल
पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सीओ कोतवाली और एसएचओ मुगलपुरा की टीम ने इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है. यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था. गिरोह की महिला सदस्य भोले-भाले लोगों को अपनी बातों में फंसाकर किसी सुरक्षित स्थान पर बुलाती थीं, वहां पीड़ित के कपड़े उतरवाकर उसकी न्यूड वीडियो और फोटो बना ली जाती थी, जिसके बाद उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का खेल शुरू होता था.
85,000 रूपये की वसूली कर चुके थे आरोपी
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, मुगलपुरा इलाके के एक पीड़ित की शिकायत पर जांच के बाद पुलिस ने कुल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. गिरोह इस पीड़ित से 85 हजार रुपये पहले ही वसूल चुका था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल गैजेट्स और नकदी बरामद की है, एसपी सिटी ने अन्य पीड़ितों से भी अपील की है कि वे निडर होकर सामने आएं और शिकायत दर्ज कराएं ताकि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों पर सख्त कार्रवाई की जा सके.