CM योगी करेंगे सूर्यकुमार यादव के गांव का कायाकल्प, घर तक पक्की सड़क; खुलेगी क्रिकेट एकेडमी
यूपी में भारतीय T20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के पैतृक गांव का कायाकल्प होगा. मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर बीजेपी के एमएलसी ने गांव का दौरा किया. गांव में सड़क और बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी. क्रिकेट अकादमी की स्थापना भी होगी, जिसके लिए जमीन सीमांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है.
सूर्यकुमार यादव ने अपनी कप्तानी में भारत को टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताकर इतिहास रच दिया है. उनकी कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की. वहीं, सूर्यकुमार यादव टी20 विश्व कप ट्रॉफी उठाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं. भारतीय टीम की इस उपलब्धि के बाद पूरे देशभर में खुशी की लहर है.
वहीं, अब मुख्यमंत्री योगी, विश्व विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव के पैतृक गांव का कायाकल्प करने वाले हैं. सूर्यकुमार यादव का पैतृक गांव हथोड़ा है, जो गाजीपुर जनपद के अंतर्गत आता है. उनके जीत के बाद अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर खुद बीजेपी विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल उनके गांव पहुंचे, और सूर्यकुमार यादव के दादा विक्रम यादव से मुलाकात की.
हाईवे पर सूर्यकुमार यादव के नाम से भव्य प्रवेशद्वार
बीजेपी एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने गांव पहंचकर अन्य लोगों से भी मुलाकात किया. गांव के लोगों की मांग पिछले काफी दिनों से चली आ रही है, मुख्य मार्ग से सूर्यकुमार यादव के घर तक की सड़क को बेहतर किया जाए. वहीं, अब गाजीपुर से सूर्यकुमार यादव के घर तक पक्की सड़क बनेगी, साथ ही हाईवे पर सूर्यकुमार यादव के नाम से भव्य प्रवेशद्वार बनेगा.
साथ ही उनके घर तक लाइट भी लगाया जाए, साथ ही गांव के युवाओं को क्रिकेट की बारीकियां सीखने के लिए क्रिकेट अकादमी की स्थापना भी किया जाए. इसी को लेकर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल गांव में पहुंचकर उनके परिवारजनों से मुलाकात किया और बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनके गांव पर आए हैं.
क्रिकेट अकादमी के लिए जमीन का सीमांकन प्रक्रिया शरू
विशाल सिंह चंचल ने उनके गांव के सड़क को मुख्य मार्ग से जोड़ने और बिजली विभाग से लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेट अकादमी के लिए अब जमीन का सीमांकन की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है. जमीन का सीमांकन होते ही क्रिकेट अकादमी का भी स्थापना उनके गांव में कर दिया जाएगा.