5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले बदमाश का खेल खत्म, मुरादाबाद में 36 मुकदमे वाले मोंटी का एनकाउंटर

15 मार्च को एक व्यवसायी से कुख्यात बदमाश उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और हत्या की धमकी का मामला दर्ज हुआ था.अब मुरादाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे एनकाउंटर में मार गिराया है.

कुख्यात बदमाश मोंटी एनकाउंटर में ढेर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात बदमाश उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी को एनकाउंटर में ढेर हुआ है. मोंटी पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक खूंखार अपराधी था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. हाल ही में मुरादाबाद के एक बड़े निर्यातक से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने और उनकी फैक्ट्री पर फायरिंग करने के बाद वह पुलिस के रडार पर था.

सिविल लाइंस थाना इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान मोंटी ने बचने के लिए पुलिस टीम पर आधुनिक हथियारों से अंधाधुंध गोलियां चलाईं थी. पुलिस जवाबी फायरिंग में मोंटी गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है. मोंटी का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा रहा है, उसके खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे कुल 36 संगीन मामले दर्ज थे.

लंबे समय से पुलिस को थी मोंटी की तलाश

एसटीएफ मेरठ और स्थानीय पुलिस की टीमें काफी समय से इसकी तलाश में दबिश दे रही थी. सटीक इनपुट मिलने के बाद की गई इस घेराबंदी ने पश्चिमी यूपी के एक सक्रिय अपराधी का अंत कर दिया है, जो जेल से बाहर आने के बाद लगातार व्यापारियों और आम जनता के लिए सिरदर्द बना हुआ था. आशु चड्ढा उर्फ मोंटी का जुर्म की दुनिया में प्रवेश साल 2010 में एक हत्या की वारदात के साथ हुआ था.

जेल में उधम सिंह गैंग के गुर्गों से हुई थी मुलाकात

जेल में रहने के दौरान ही उसकी मुलाकात उधम सिंह गैंग के गुर्गों से हुई थी, जिसके बाद वह इस गैंग का खास शार्प शूटर बन गया था. पुलिस ने बताया कि आरोपी जेल से छूटने के बाद पेशेवर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था. मुठभेड़ स्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट कार और भारी मात्रा में असलहा बरामद किया है. इसमें 32 बोर की पिस्टल, रिवॉल्वर और 12 बोर की बंदूक शामिल है. भारी मात्रा में कारतूसों की बरामदगी उसके खतरनाक इरादों को पुख्ता करती है.

व्यापारी से मांगी थी 5 करोड़ की रंगदारी

​एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया, “15 मार्च को एक व्यवसायी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और हत्या की धमकी का मामला दर्ज हुआ था. दबाव बनाने के लिए बदमाशों ने फैक्ट्री पर फायरिंग भी की थी. एनकाउंटर दौरान मोंटी के साथ मौजूद उसका साथी भागने में सफल रहा है. एसटीएफ टीम की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगी हैं. मोंटी पर 36 मुकदमे और 50 हजार का इनाम था. मौके से उसके पास से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री निर्मित तीन हथियार और दर्जनों कारतूस बरामद किए गए हैं.

Follow Us