‘मां को बुरा-भला कहा, सदमे में चली गई उसकी जान’…आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की बेटी का DPO और AE पर गंभीर आरोप
शाहजहांपुर से एक गंभीर मामला सामने आ रहा है. यहां एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई है. अब उसकी बेटी ने DPO और AE पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने कहा कि उसकी मां को 4 महीने सैलरी नहीं दी गई थी. बीमारी में भी काम कराया. तनख्वाह मांगने पर बुरा-भला कहा गया, जिससे सदमे में उसकी जान चली गई.
शाहजहांपुर गदियाना मोहल्ले की रहने वाली एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रीति की बेटी स्मिता शंखवार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में स्मिता शंखवार रोते हुए नजर आ रही हैं. वह कह रही हैं कि उनकी मां का अकाउंट चढ़ाया नहीं जा रहा था. इस वजह से उनकी सैलरी नहीं आ रही थी. बीते 4 महीने से सैलरी नहीं आने से माँ बहुत चिंतित थी.
वह वीडियो में आगे कहती नजर आ रही है डीपीओ के पास जब सैलरी अकाउंट चढ़ाने के लिए गईं तो मां के साथ-साथ मुझे भी बुरा भला कहा. स्मिता ने आरोप लगाया कि डीपीओ ने कहा कि तुम लोगों के पास कोई काम नहीं है. काम तो करना ही नहीं चाहते तुम लोग. मेरी मां ये सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई. उसकी मौत हो गई. स्मिता रो-रो कर नगर निगम के निर्माण विभाग में AE के पद पर तैनात दिलीप शुक्ला को भी जिम्मेदार ठहरा रही है.
‘तबीयत खराब थी तब भी मां से करवा रहे थे काम’
वीडियो में स्मिता कह रही हैं कि लगातार विभाग के काम के साथ-साथ में SIR के काम का बोझ, BLO की ड्यूटी और सैलरी नहीं मिलने के कारण मेरी मां सदमे में थी. अधिकारी लगातार उनकी शिकायत डीएम से करने की बात कह रहे थे, जबकि मेरी मां की तबीयत बीते कई दिनों से खराब चल रही थी. इसके बावजूद उनसे काम करवाया जा रहा था.
मां के शव को वाहन से घर ले जाते समय बेटी ने वीडियो बनाया
युवती ने बताया कि मेरी मां से जब बुरा भला कहा गया तो मेरी मां ने सहन नहीं कर पाईं. उनकी मौत हो गई. बेटी की करुण पुकार के मुताबिक डीपीओ और नगर निगम के दिलीप शुक्ला को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है. अपनी मां के शव को वाहन से घर ले जाते समय बेटी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है.