मुरादाबाद में पैन-इंडिया सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, होटल में लाइव रेड, मास्टरमाइंड समेत 14 अरेस्ट

मुरादाबाद पुलिस ने एक होटल पर लाइव छापा मारा, जहां पैन-इंडिया सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है. मौके से मास्टरमाइंड सहित 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं. यह रैकेट मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों और महिलाओं को बुलाता था, आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है.

मुरादाबाद में पैन-इंडिया सेक्स रैकेट का भंडाफोड़

मुरादाबाद में कोतवाली पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है. एक होटल में लाइव छापेमारी के दौरान मास्टरमाइंड सहित 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया. इसमें तीन महिलाए भी शामिल हैं. मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की. यह रैकेट मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों और महिलाओं को बुलाता था.

पुलिस अधीक्षक नगर, कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली इलाके के बुध बाजार चौकी इलाके में बने ‘शेरे पंजाब’ होटल में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं. इसी सूचना पर सीओ कोतवाली और थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने होटल में छापेमारी की. फिलहाल, होटल मालिक मौके से फरार है, पुलिस तलाश में जुटी है.

दिल्ली से महिलाओं को बुलाया जाता था

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए 14 लोगों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं, जिनमें से दो दिल्ली और एक गोरखपुर की रहने वाली हैं. पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि होटल में बाहरी जनपदों/दिल्ली से महिलाओं को बुलाकर अवैध गतिविधियां कराई जा रही थी. महिलाओं को लालच और दबाव देकर इस कार्य में संलिप्त किया जाता था.

पूरे सेक्स रैकेट का मास्टरमाइंड राहुल गुप्ता

जांच में पता चला कि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड राहुल गुप्ता है, जिसे गिरफ्तार कर लिया है. राहुल गुप्ता ने होटल को बाकायदा कॉन्ट्रैक्ट पर लेकर उसे देह व्यापार के अड्डे में तब्दील कर दिया था. राहुल गुप्ता के तार देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े हुए हैं. वह एक बड़े नेटवर्क के जरिए मोबाइल फोन के माध्यम से महिलाओं और ग्राहकों को यहां बुलाता था.

होटल मालिक फरार, गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली नगर में मास्टरमाइंड राहुल गुप्ता सहित सभी आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. फिलहाल, होटल मालिक मौके से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं. होटल के लाइसेंस को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

Follow Us