सऊदी से दूसरी शादी करने लौटा युवक, पहली पत्नी को लग गई भनक; दूल्हे के साथ बराती भी बने बंधक
मुरादाबाद में सऊदी से लौटे एक युवक दूसरी शादी करने जा रहा था, लेकिन पहली पत्नी को इसकी भनक लग गई, जिसके बाद दूल्हे की चालाकी भारी पड़ी और बराती को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ा. पहली पत्नी ने फोन पर दुल्हन को सारी बात बता दी, जिसके धोखेबाज दूल्हे और बारातियों को बंधक बना लिया गया.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक का दूसरी शादी करने का अरमान उस समय मिट्टी में मिल गया जब उसकी पहली पत्नी ने आखिर वक्त पर सारा राज खोल दिया. दरअसल पूरा मामला पाकबड़ा इलाके का है, जहां सऊदी अरब में नौकरी करने वाला एक युवक गाजे-बाजे के साथ निकाह करने पहुंचा था.
खुशियों का माहौल तब तनाव में बदल गया जब लड़की पक्ष के पास एक अनजान फोन आया. फोन करने वाली महिला ने दावा किया कि जिस दूल्हे का वे स्वागत कर रहे हैं, वह पहले से शादीशुदा है. यह सुनते ही हर किसी के पैर से जमीन खिसक गई थी, कोई भी कुछ समझ पाता तब तक मामले ने बड़ा तूल पकड़ लिया था. दुल्हन पक्ष ने दूल्हा और बराती को बंधक बना लिया.
पहली पत्नी ने फोन पर लकड़ी पक्ष को हकीकत बता दी
दरअसल, युवक कुंदरकी थाना इलाके के सौंदा गांव का निवासी है, वह लंबे समय तक सऊदी अरब में नौकरी कर रहा था. वहां प्रवास के दौरान उसने पंजाब की एक युवती से प्रेम विवाह (निकाह) किया था, घर लौटने के बाद उसने अपनी पहली शादी की बात छिपाई और परिजनों के दबाव या मर्जी से मैनाठेर इलाके की एक युवती से दूसरा रिश्ता तय कर लिया था.
जैसे ही पहली पत्नी को भनक लगी कि उसका पति गुपचुप तरीके से दूसरा घर बसाने जा रहा है, उसने तत्काल दूसरी लड़की वालों को हकीकत बता दी है. पहली पत्नी के फोन आने से दूसरी पत्नी के घर पर चल रही निकाह की तमाम रस्में रोकी गई. लड़की अपने होने वाले पति की बेवफाई सुनकर बी बेसुध हो गई. लड़की पक्ष का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.
दूल्हे और बराती को एक स्थान पर बैठाकर बंधक बना लिया
लड़की पक्ष के लोगों को जैसे ही पता चला दूल्हा धोखेबाज है, शादी समारोह स्थल पर भारी हंगामा शुरू हो गया. लड़की पक्ष के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे थे, जिसके कारण उन्होंने दूल्हे और उसके परिवार को घेरे में ले लिया. ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने बारात को वापस जाने से रोक दिया और उन्हें एक स्थान पर बैठाकर बंधक बना लिया गया.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया. पाकबड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दूल्हा और उसके करीबी रिश्तेदारों से पूछताछ की. लड़की पक्ष के लोगों के द्वारा थाने में पहुंचकर गंभीर आरोप लगाए. फिलहाल दोनों पक्ष के बीच समझौता की चर्चा भी चल रही है.
