कांवड़ रूट पर ढकी जाएंगी शराब की दुकानें, लेकिन बेचने पर पाबंदी नहीं… सिर्फ नॉनवेज पर रोक

मुरादाबाद में कांवड़ यात्रा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं. कांवड़ पथ पर स्थित शराब दुकानें 30 जुलाई से ढकी जाएंगी. इन दुकानों से जुड़ी कैंटीनों में अंडा, मांस, मछली जैसे मांसाहारी भोजन की बिक्री प्रतिबंधित होगी. यह निर्णय श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करने के लिए लिया गया है.

कांवड़ रूट पर ढकी जाएंगी शराब की दुकानें Image Credit:

सावन माह और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद आबकारी विभाग ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं. श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी शराब दुकानों को पर्दों और विशेष कवर से ढकने के निर्देश जारी किए गए हैं. साथ ही नॉनवेज पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.

जिला आबकारी अधिकारी डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर स्थित कुल 36 मदिरा दुकानों को 30 जुलाई से अनिवार्य रूप से ढका जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की नजर इन दुकानों पर न पड़े. सभी अनुज्ञापियों को समय रहते निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है. उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.

शराब दुकानों के कैंटीनों में नॉनवेज पर रोक

डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सावन के दौरान शराब दुकानों से संचालित कैंटीनों में अंडा, मांस, मछली या अन्य किसी भी प्रकार के मांसाहारी भोजन की बिक्री और परोसने की अनुमति नहीं होगी. सामान्य दिनों में भी इन कैंटीनों में केवल शाकाहारी भोजन ही उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा प्रत्येक रविवार को सभी कैंटीन पूरी तरह बंद रहेंगी.

निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी. यदि किसी दुकान या कैंटीन में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लाइसेंस धारक के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. इस पहल का मुख्य उद्देश्य धार्मिक पवित्रता बनाए रखना और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक स्थिति से बचाना है.

नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी

जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसलिए सभी लाइसेंस धारकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें. किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Follow Us