खन्नूपुरा हत्याकांड का मास्टर माइंड अरेस्ट, पुलिस पर फायरिंग कर भागने की फिराक में था विशाल
खन्नूपुरा हत्याकांड का मुख्य आरोपी विशाल चौधरी को मुरादाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है. ₹25,000 का यह इनामी बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहा था, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली मारकर उसे दबोच लिया है. यह कार्रवाई कुंदरकी थाना पुलिस द्वारा की गई है.
उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के कुख्यात बदमाश विशाल चौधरी को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान अरेस्ट किया है. यह कार्रवाई मुरादाबाद की कुंदरकी थाना पुलिस ने की है. ₹25,000 के इस इनामी बदमाश पर आरोप है कि इसी ने खन्नूपुरा हत्याकांड की पटकथा लिखी थी और पुलिस से आमना सामना होने पर यह फायरिंग करते हुए भागने की फिराक में था. फरार चल रहे इस बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया था.
कुंदरकी थाना पुलिस के मुताबिक पुलिस इस बदमाश की तलाश कर ही रही थी कि उसकी लोकेशन बसेरा खास गांव के पास मिली. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की और उसे सरेंडर करने के लिए कहा गया. लेकिन यह बदमाश पुलिस पर फायरिंग करने लगा. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैरों में गोली मारकर अरेस्ट कर लिया है. पुलिस ने इस बदमाश के पास से वारदात में इस्तेमाल अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और पांच जिंदा कारतूस बरामद किया है.
क्या है मामला?
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि बीते 14 जून 2026 को कुंदरकी थाना क्षेत्र के खन्नूपुरा गांव में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने और दूसरे की जान लेने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग करने के मामले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए थे. दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया था. इसी क्रम में फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों पर ₹25,000 का इनाम भी घोषित किया गया था. हालांकि 15 जून 2026 को एक बदमाश को अरेस्ट कर लिया गया, वहीं 19 जून 2026 की रात विशाल चौधरी को अरेस्ट किया गया है.
गोली लगते निकल गई हेकड़ी
पुलिस के मुताबिक विशाल बसेरा खास क्षेत्र में एक ट्यूबवेल के पास छिपा है. पुख्ता इनपुट पर पुलिस ने घेराबंदी की तो यह पुलिस पर फायरिंग करने लगा. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली दाग दी. गोली लगते ही इस बदमाश की सारी हेकड़ी निकल गई और यह जान की भीख मांगने लगा. पुलिस ने फिलहाल इस बादमाश को उपचार के लिए सीएचसी कुंदरकी में भर्ती कराया है. अस्पताल से छुट्टी मिलने पर उसे भी कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया जाएगा.