​NEET Exam 2026: नोएडा से लखनऊ तक चौकस इंतजाम, बरेली-कानपुर में कड़े होंगे सुरक्षा बंदोबस्त; चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के लिए यूपी में व्यापक इंतजाम किए गए हैं. नोएडा से कानपुर तक सुरक्षा कड़ी की गई है, जिसमें पुलिस और प्रशासन की टीमें मुस्तैद हैं. छात्रों की सुविधा के लिए रेलवे विशेष ट्रेनें चला रहा है, जबकि यूपी रोडवेज ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है. भीड़ प्रबंधन और सुचारु परिवहन सुनिश्चित करने के लिए 'होल्डिंग एरिया' भी बनाए गए हैं.

नीट एग्जाम की तैयारी Image Credit:

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 को लेकर नोएडा से लखनऊ तक और बरेली से कानपुर तक व्यापक तैयारियां की गई है. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर पुलिस और प्रशासन तो परीक्षाथियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए रेलवे और यूपी रोडवेज ने भी कमर कस ली है. जिन शहरों में परीक्षाथियों की संख्या ज्यादा है, वहां होल्डिंग एरिया भी बनाया गया है. जहां से परीक्षाथियों को उनके सेंटर तक पहुंचाया जाएगा. अकेले कानपुर में ही 26 हजार से अधिक अभ्यर्थी आएंगे.

रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक स्टेशनों पर भीड़ और भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए ‘क्राउड मैनेजमेंट’ (भीड़ प्रबंधन) प्लान तैयार किया गया है. इसी प्रकार लखनऊ, कानपुर, बरेली, मुरादाबाद समेत अन्य प्रमुख शहरों के लिए दो दर्जन से अधिक ट्रेनों को रीशेड्यूल किया गया है. विशेष परिस्थिति के लिए मेमू (MEMU) के अतिरिक्त रैक कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, झांसी समेत कई अन्य स्टेशनों पर तैयार किए गए हैं. इसी प्रकार यूपी रोडवेज ने अतिरिक्त बसों के संचालन का फैसला लिया है.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नीट परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए मल्टी लेयर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. यह जिम्मेदारी संबंधित जिलाधिकारियों और पुलिस के अधिकारियों को दी गई है. इसमें परीक्षार्थी कैसे सेंटर तक पहुंचेंगे, पेपर कैसे सेंटर तक पहुंचेगा, एग्जाम के बाद आंसर सीट कलेक्शन समेत अन्य सभी पहलुओं पर गंभीर तैयारी की गई है. परीक्षा में सूचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस की भी तैनाती की जा रही है.

टेलीग्राम बैन पर छिड़ी रार

​3 मई को निरस्त हुई नीट-यूजी परीक्षा अब 21 जून को होने वाले है. इससे पहले टेलीग्राम ऐप को बैन किया गया है. इसको लेकर बड़ी बहस छिड़ गई है. इस बहस में आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ निसर्ग अधिकारी और सीबीएसई मार्किंग सिस्टम की कमियां उजागर करने वाले सार्थक सिद्धांत आमने-सामने आ गए हैं. कुछ लोग सरकार की इस पहले का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ जानकार डिजीटलाइजेशन के युग में इस प्रतिबंध को गलत बता रहे हैं.

इन शहरों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

नीट परीक्षा को लेकर रेलवे ने 21 जून को स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है. इसमें पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर-लखनऊ के बीच चार जनरल परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा. इसी प्रकार उत्तर रेलवे लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए ट्रेन चलाने जा रहा है. वहीं उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से भी 21 जून को परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए चलाई जाने वाली ये ट्रेन अनारक्षित होंगी.

Follow Us