प्रतीक यादव का आया एक और इंस्टा पोस्ट, अपर्णा के साथ डाली फोटो, लिखा-‘ऑल इज गुड’
प्रतीक यादव ने इंस्टा पर एक पोस्ट कर पत्नी के साथ सबकुछ सही होने का दावा किया है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि “ऑल इज़ गुड”. चैम्पियंस वो होते हैं जो पर्सनल और प्रोफेशनल दिक्कतों को ख़त्म कर देते हैं.बता दें इससे पहले प्रतीक ने इंस्टा पर अपनी पत्नी से तालाक के ऐलान का पोस्ट किया था.
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव ने अपने इंस्टा अकाउंट पर फिर से एक पोस्ट किया है. प्रतीक यादव ने अपने इस पोस्ट में अपनी पत्नी अपर्णा यादव से सबकुछ ठीक होने का दावा किया है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि “ऑल इज़ गुड”. चैम्पियंस वो होते हैं जो पर्सनल और प्रोफेशनल दिक्कतों को ख़त्म कर देते हैं. प्रतीक यादव ने इस पोस्ट में अपनी पत्नी अपर्णा के साथ एक तस्वीर भी शेयर की है.
बता दें कि अभी कुछ दिनों पहले सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के भाई प्रतीक ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपर्णा यादव के साथ रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया था. उन्होंने तब अपने पोस्ट में अपर्णा यादव को स्वार्थी और बुरी आत्मा बताया था.
प्रतीक ने अपने इंस्टा पोस्ट में क्या लिखा था?
प्रतीक यादव ने इंस्टा पर लिखा है कि ‘मैं इस मतलबी औरत को जल्द से जल्द तलाक देने जा रहा हूं. उसने मेरे परिवार के रिश्ते खराब कर दिए. वह सिर्फ मशहूर होना चाहती हैं. मेरी मेंटल हेल्थ बहुत खराब है और उसे कोई फर्क नहीं पड़ता. उसे सिर्फ अपनी ही चिंता है. मैंने इतनी बुरी औरत कभी नहीं देखी. मैं बदकिस्मत था कि मेरी शादी उससे हुई’.
प्रतीक ने कहा था- अपर्णा बहुत झूठी हैं
प्रतीक ने इसके बाद एक और पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि अपर्णा बहुत झूठी है. उसकी वजह से मां से रिश्ता टूटा, भाई से रिश्ता खत्म हुआ. यहां तक कि पिता से भी उनके रिश्ते खराब हुए. यह सब वह केवल फेमस होने के लिए कर रही. अपने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रतीक यादव ने अपने बच्चों की कसम खाते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में इतनी झूठी कोई और औरत नहीं देखी.
प्रतीक ने अपर्णा को आत्ममुग्ध इंसान बताया था
प्रतीक यादव ने आगे लिखा था कि वह एक आत्ममुग्ध इंसान है. उसे नहीं मतलब कि उसके घर परिवार में क्या है, उसे बस अपने दबदबे के लिए और फेमस होने के लिए कर रही है. उस वक्त अपर्णा के भाई अमन विष्ट ने प्रतीक का अकाउंट हैक होने और फिर अपर्णा ने पति के साथ सब कुछ ठीक होने का दावा किया था. अपर्णा ने कहा था कि उनके निजी जीवन को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है. उनके और प्रतीक के बीच सबकुछ ठीक है. कुछ लोग जानबुझकर ऐसी परिस्थितियां बना रहे हैं, जिससे मेरे और मेरे पति के बीच दरार आए.
