‘मम्मी को बचाने दौड़ा तो पापा ने… ‘ मेरठ हत्याकांड का चश्मदीद निकला बेटा, बताई वारदात की आंखों देखी
मेरठ के निशा चौहान हत्याकांड में एक बड़ा खुलासा हुआ है. इस वारदात का चश्मदीद उनका 16 वर्षीय बेटा है. उसने पुलिस की पूछताछ में बताया कि पिता ने जमीन विवाद को लेकर मां के पेट पर चाकू से हमला किया. उसने मां को बचाने की कोशिश की तो पिता ने उसके ऊपर भी हमला किया. पुलिस अब जमीन और पारिवारिक विवाद के एंगल से जांच कर रही है.
मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. मेरठ के हर्रा खिवाई गांव में हुई इस वारदात में 40 वर्षीय महिला निशा चौहान की हत्या हुई. इस वारदात का चश्मदीद उनका 16 वर्षीय बेटा है. उसने पुलिस को दिए बयान में वारदात की पूरी कहानी बयां की है. उसने बताया कि पापा मम्मी के पेट पर बैठकर चाकू घोंप रहे थे. वह बचाने दौड़ा तो उसके पापा ने उसके ऊपर भी हमला किया.
बेटे ने पुलिस को बताया कि वारदात शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे की है. वह अपने छोटे भाई और बहन के साथ कमरे में सो रहा था. तभी आंगन से मां की चीखें सुनाई दीं. वह दौड़कर बाहर पहुंचा तो देखा कि उसकी मां जमीन पर गिरी हुई थीं और उसके पिता मां के पेट पर बैठे थे. उनके हाथों में चाकू था और वह ताबड़तोड़ हमले कर रहे थे. बेटे का कहना है कि उसने अपनी मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसके पिता ने उसके ऊपर भी हमला कर घायल कर दिया.
दो साल पहले दुबई से लौटा था आरोपी पति
पुलिस के अनुसार, आरोपी पति प्रदीप चौहान पहले दुबई में एयर कंडीशनर रिपेयरिंग का काम करता था और करीब दो साल पहले भारत लौटा था. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी काफी हद तक निशा चौहान संभाल रही थीं. वह घर में ब्यूटी पार्लर चलाती थी. इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी वह काफी एक्टिव थी. इससे उसे अच्छी आमदनी हो जाती थी, जिससे घर चलता था.
जमीन की खरीद को लेकर विवाद
प्रारंभिक जांच में सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर विवाद की चर्चा हुई थी, लेकिन परिवार के बयान के आधार पर पुलिस अब एक अन्य पहलू की भी जांच कर रही है. बेटे का दावा है कि घटना वाले दिन परिवार जमीन खरीदने की तैयारी में था. उसका कहना है कि जमीन की रजिस्ट्री किसके नाम होगी, इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया. चूंकि जमीन खरीदने के लिए इस्तेमाल होने वाली रकम का बड़ा हिस्सा निशा अपनी कमाई से दे रही थी, इसलिए वह जमीन भी अपने नाम से चाहती थी. इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था.
रिश्तेदारों पर भड़काने का आरोप
मृतका के बेटे ने परिवार के एक रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कहा कि यह रिश्तेदार उसके पिता को उसकी मां निशा के खिलाफ भड़काता था. बेटे के अनुसार, पारिवारिक और स्थानीय स्तर पर चल रहे विवादों ने भी तनाव बढ़ाया. पुलिस ने इन सभी एंगल पर फोकस करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी ऊपर कमरे में गया और उसने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया.
हिरासत में आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी को हिरासत में लेकर घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ली है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है. बेटे और अन्य परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.