प्यार ही तो किया था… इतनी सी बात पर भाई ने रेत डाला बहन का गला, मुजफ्फरनगर में ऑनर किलिंग से सनसनी

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक भाई ने अपनी 21 वर्षीय बहन अदीबा की गला रेतकर हत्या कर दी, क्योंकि वह एक लड़के से प्यार करती थी. परिवार के विरोध के बावजूद रिश्ता न छोड़ने पर आरोपी भाई आमिर ने यह खौफनाक कदम उठाया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

पुलिस (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है. यहां शाहपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में एक भाई ने अपनी बहन का गला रेत दिया. बहन का कसूर इतना भर था कि वह एक ल़ड़के के प्यार में थी और अक्सर उससे बात करती थी. लड़की के भाई और पिता ने इसके लिए उसे कई बार डांटा, फटकारा और चेतावनी भी दी. फिर भी ल़ड़की ने उस युवक से बात करना नहीं छोड़ा तो आरोपी भाई ने इस वारदात को अंजाम दिया.

वारदात रविवार दोपहर की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लड़की का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी भाई फरार है. उसकी तलाश में पुलिस टीमों का गठन किया गया है. इस घटना को लेकर SSP संजय कुमार वर्मा ने ऑनर किलिंग की पुष्टि की. बताया कि वारदात के संबंध में मृत लड़की के परिजनों से पूछताछ की जा रही है. इसी के साथ आरोपी भाई की तलाश कराई जा रही है.

21 साल की थी लड़की

पुलिस के मुताबिक मृत लड़की की पहचान अदीबा (21) पुत्री शकील उर्फ वीर कुरैशी के रूप में हुई है. वहीं आरोपी 9 भाई-बहनों में सबसे बड़ा है. उसका नाम आमिर है. पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि अदीबा का किसी लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इससे परिवार के लोग, खासतौर पर बड़ा भाई आमिर काफी नाराज था. उसने पहले अपनी बहन को उस लड़के से दूर रहने की हिदायत दी. अदीबा नहीं मानी तो आरोपी भाई ने इस वारदात को अंजाम दिया.

जांच में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए हैं. पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक जल्द ही आरोपी को अरेस्ट कर लिया जाएगा. इसके लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है. उहोंने बताया कि गांव में तनाव की आशंका को देखते पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

Follow Us