DJ पर चढ़े कांवड़िये ने कोतवाल को दी ‘5 मिनट में वर्दी उतरवाने’ की धमकी
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर चढ़े एक कांवड़िये को नीचे उतरने के लिए कहने पर पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच विवाद हो गया. वायरल वीडियो में एक युवक शहर कोतवाल को कथित तौर पर 'पांच मिनट में वर्दी उतरवा देने' की धमकी देता दिखाई दे रहा है. घटना के बाद शिव चौक पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस अधिकारियों ने बातचीत कर शांत कराया.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीजे पर चढ़े एक कांवड़िये को नीचे उतरने के लिए कहने पर पुलिस और कांवड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक ने शहर कोतवाल को खुलेआम ‘पांच मिनट में वर्दी उतरवा देने’ की धमकी दे डाली. पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह घटना शहर के सबसे व्यस्त शिव चौक की बताई जा रही है, जहां कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. वायरल वीडियो में एक युवक डीजे पर खड़े होकर माइक से पुलिस के खिलाफ आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करता और शहर कोतवाल बृजेश शर्मा को धमकाते हुए दिखाई दे रहा है.
DJ से नीचे उतरने को कहा तो शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ युवक डीजे पर चढ़कर यात्रा कर रहे थे. सुरक्षा व्यवस्था और संभावित हादसे को देखते हुए पुलिस ने उन्हें नीचे उतरने के लिए कहा. इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी तेज बहस में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक पुलिस अधिकारियों से उलझते हुए कहता है कि वह ‘पांच मिनट में वर्दी उतरवा देगा.’
शिव चौक पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
विवाद बढ़ने के बाद शिव चौक पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. कुछ देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करते रहे. सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने कांवड़ियों और पुलिस के बीच बातचीत कर माहौल शांत कराया. समझाइश के बाद कांवड़ियों को उनके निर्धारित मार्ग पर रवाना कर दिया गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक डीजे पर खड़े होकर माइक से पुलिस को चुनौती देता और कोतवाल के साथ बहस करता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
फिलहाल क्या कार्रवाई?
फिलहाल पुलिस की ओर से इस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. अभी तक इस मामले में किसी गिरफ्तारी या मुकदमे की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है. हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा.