बिजनौर: छोटे बेटे का इलाज कराने आए थे माता-पिता, अस्पताल की लापरवाही से खो दिया बड़ा बेटा; जमकर बवाल
नजीबाबाद में एक अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर गिरने से एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई. माता-पिता छोटे बेटे का इलाज कराने आए थे, तभी लापरवाही से रखे सिलेंडर बड़े बेटे पर पलट गया. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और सुरक्षा मानकों में कमी का आरोप लगाया.
बिजनौर के नजीबाबाद कस्बे में सोमवार को नर्सिंग होम की लापरवाही के चलते एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई. माता-पिता छोटे बेटे का इलाज कराने आए थे, तभी उनका साढे तीन साल का बड़ा बेटा खेलते-खेलते अस्पताल में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर के पास जा पहुंचा. इस दौरान एक भारी सिलेंडर मासूम के ऊपर पलट गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला पठानपुरा निवासी मोहम्मद फैजान अपनी पत्नी गुलिस्ता परवीन के साथ अपने ढाई वर्षीय छोटे बेटे का इलाज कराने रेलवे स्टेशन के पास स्थित कृष्णा नर्सिंग होम आए थे. दंपति डॉक्टर को दिखाने में व्यस्त थे, तभी उनके बड़े बेटा अजान पर भारी सिलेंडर गिर गया. आरोप है कि सिलेंडरो को बिना किसी चैन के खड़ा किया हुआ था.
इलाज के लिए ले जाते समय मासूम ने तोड़ा दम
सिलेंडर के नीचे दबने से मासूम अजान गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए हायर सेंटर लेकर भागे, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया. मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने कृष्णा नर्सिंग होम पहुंचकर जमकर नारेबाजी और हंगामा किया.
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में न तो कोई सुरक्षा गार्ड था और न ही सिलेंडरों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था थी. इसके अलावा अस्पताल परिसर में बिजली के नंगे तार और खुले हुए स्विच बोर्ड भी लटके हैं, जो मरीजों के लिए जानलेवा बने हुए हैं. करीब पचास-साठ लोग अस्पताल में आ कर हंगामा करने लगे. जिसके बाद सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची.
लापरवाही पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई- SHO
थाना नजीबाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.